यूपी टी-20 से प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को मिला बड़ा मंच, छह टीमें देखकर खुश हैं सीएम योगी
UP T20 provides a major platform for the state's young cricketers, CM Yogi is pleased to see six teams.
IPN Live
Lucknow, 15 Aug, 2026 02:16 AMलखनऊ, 14 अगस्त (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। यूपी टी-20 लीग इसी उद्देश्य के साथ प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के विशेष सीजन के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान काशी रुद्रा और मेरठ की टीमों के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला गया।
काशी से मेरठ तक एक मंच पर आया पूरा यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी टी-20 में इस बार काशी रुद्रा, मेरठ, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर और नोएडा की छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनके माध्यम से पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल मिलता है। साथ ही कोच, मेंटर, सपोर्टिंग स्टाफ और स्टेडियम से जुड़े लोगों को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को और निखारा जा सकता है।
युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाला मंच
सीएम योगी ने कहा कि यूपी टी-20 सिर्फ क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाला मंच है। अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर प्रदर्शन का मौका मिलने से प्रदेश में क्रिकेट का आधार मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होने की संभावनाएं और बढ़ेंगी। प्रदेश सरकार खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
फिट युवा ही बनाएंगे फिट इंडिया का मजबूत आधार
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि फिट युवा ही देश के स्वस्थ और सशक्त भविष्य की नींव मजबूत करेंगे।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं। खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भाव भी विकसित करते हैं। यूपी टी-20 जैसे आयोजन युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने और प्रतिभा को बड़े मंच पर साबित करने का अवसर दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें वह समय याद है जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के आयोजन के दौरान उन्होंने बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के समक्ष उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के अवसर बढ़ाने की बात रखी थी। आज प्रदेश की छह टीमें यूपी टी-20 के विशेष सीजन में हिस्सा ले रही हैं, यह देखकर उन्हें प्रसन्नता है।
मुख्यमंत्री ने यूपी टी-20 से जुड़े सभी खिलाड़ियों, टीमों, कोच, सहयोगी स्टाफ और क्रिकेट प्रेमियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना, युवा क्रिकेटर अभिषेक शर्मा, यूपी टी-20 की विभिन्न टीमों के कप्तान तथा प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार शंकर महादेवन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
#UPT20 #UPT20League #Cricket #YogiAdityanath #CMYogi #Lucknow #EkanaStadium #KashiRudras #MeerutMavericks #FitIndia #CricketIndia #UttarPradesh #ipnlive #ipnnews #ipn

No Previous Comments found.