लखनऊ में आज से दो दिवसीय ‘गीता रसामृतम-2’ महोत्सव, गीता के गूढ़ रहस्यों से रूबरू होंगे श्रद्धालु

Two-day 'Geeta Rasamritam-2' festival begins in Lucknow today, devotees will be introduced to the esoteric mysteries of the Gita.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 24 Oct, 2026 02:51 AM
लखनऊ में आज से दो दिवसीय ‘गीता रसामृतम-2’ महोत्सव, गीता के गूढ़ रहस्यों से रूबरू होंगे श्रद्धालु

इस्कॉन मंदिर में हरिनाम संकीर्तन, मुकुंदा रॉक बैंड की प्रस्तुति और गीता प्रवचन होंगे मुख्य आकर्षण

लखनऊ, 24 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन), लखनऊ की ओर से श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान और आध्यात्मिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से दो दिवसीय ‘गीता रसामृतम-2’ श्रीमद्भगवद्गीता ज्ञान महोत्सव का आयोजन 24 और 25 अक्टूबर को किया जा रहा है। अंसल सुशांत गोल्फ सिटी स्थित श्री श्री राधा रमण बिहारी जी मंदिर परिसर में दोनों दिन शाम पांच बजे से कार्यक्रम होंगे।

महोत्सव के संबंध में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को होटल रेडिसन, लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव में हरिनाम संकीर्तन, संगीत और श्रीमद्भगवद्गीता पर प्रवचन के माध्यम से जीवन के महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर सरल भाषा में समझाने का प्रयास किया जाएगा।

भगवान, मृत्यु और जीवन के उद्देश्य पर होगा मंथन

महोत्सव में श्रीमद्भगवद्गीता के गूढ़ रहस्यों पर आधारित प्रवचन विशेष आकर्षण होंगे। इनमें भगवान के अस्तित्व, उनके साकार या निराकार स्वरूप, मृत्यु के वास्तविक अर्थ, मनुष्य के दुखों के कारण, बुरे लोगों को दंड मिलने और अच्छे लोगों के साथ बुरी घटनाएं होने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

आयोजकों के अनुसार, इन विषयों को सरल शब्दों में समझाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि युवा, युवतियां, बच्चे और अन्य श्रद्धालु गीता के संदेश को अपने जीवन से जोड़ सकें।

संकीर्तन से प्रसाद तक, ऐसा रहेगा कार्यक्रम

महोत्सव के दोनों दिन शाम पांच बजे से कार्यक्रम शुरू होंगे। शाम पांच से 5:45 बजे तक दिव्य हरिनाम संकीर्तन होगा। इसके बाद 5:45 से 6:30 बजे तक मुकुंदा रॉक बैंड की विशेष प्रस्तुति होगी। शाम 6:30 से रात आठ बजे तक श्रीमद्भगवद्गीता पर प्रवचन होंगे। इसके बाद रात आठ बजे से श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादम (भंडारा) की व्यवस्था रहेगी।

राज्यपाल और उपमुख्यमंत्री समेत कई अतिथियों को न्योता

आयोजकों ने महोत्सव में अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आमंत्रित किया है।

प्रेस वार्ता में मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष आनंद स्वरूप अग्रवाल, उपाध्यक्ष भोक्ताराम प्रभु, फेस्टिवल कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण सर्व प्रिय प्रभु, अमृत नाम प्रभु, रास मनोहर प्रभु और देव रक्षक प्रभु सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

युवाओं और बच्चों से शामिल होने की अपील

मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु ने पत्रकारों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए लखनऊवासियों से महोत्सव में परिवार सहित शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस आध्यात्मिक आयोजन के माध्यम से लोग जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझने और हरे कृष्ण महामंत्र के निरंतर जप का अभ्यास करने की प्रेरणा प्राप्त कर सकते हैं।

#GeetaRasamritam2 #BhagavadGita #ISKCONLucknow #गीता_रसामृतम #श्रीमद्भगवद्गीता #लखनऊ #आध्यात्मिकता #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.