काशी से अयोध्या और प्रयागराज तक शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जगह-जगह रुद्राभिषेक और जलाभिषेक

From Kashi to Ayodhya and Prayagraj, Shiva temples thronged with devotees, with Rudrabhishek and Jalabhishek being performed everywhere.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 10 Aug, 2026 08:00 PM
काशी से अयोध्या और प्रयागराज तक शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जगह-जगह रुद्राभिषेक और जलाभिषेक

लखनऊ, 10 अगस्त 2026 (IPN)। सावन के पावन सोमवार पर सोमवार को पूरा उत्तर प्रदेश भोलेनाथ की भक्ति में डूबा नजर आया। काशी से अयोध्या और प्रयागराज तक प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिरों में ‘हर हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ और ‘बोल बम’ के जयघोष गूंजते रहे। कांवड़ियों के जत्थों ने भी शिवालयों में पहुंचकर जलाभिषेक किया।

मंदिरों के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा, जो देर शाम तक जारी रहा। जगह-जगह रुद्राभिषेक, शिवार्चन, भजन-कीर्तन और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ। कांवड़ियों के कंधों पर सजी कांवड़ और हाथों में गंगाजल के बीच सड़कों पर ‘बोल बम’ के उद्घोष ने माहौल को पूरी तरह शिवमय बना दिया।

काशी में उमड़ा भक्तिसागर, बाबा विश्वनाथ के दर्शन को लगी कतार

धर्मनगरी काशी में सावन के दूसरे सोमवार पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। रविवार रात से ही श्रद्धालुओं के काशी पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। गंगा स्नान के बाद कांवड़िए पवित्र जल लेकर बाबा विश्वनाथ के दरबार की ओर कतारबद्ध होकर बढ़ते रहे।

काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर घंटे-घड़ियाल और डमरू की ध्वनि से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने के साथ दूध, दही, शहद, बेलपत्र और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। शाम को गंगा आरती के दौरान घाटों का नजारा भी भक्तिमय दिखाई दिया। स्थानीय व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह प्याऊ और भंडारे लगाए।

प्रयागराज के शिवालयों में भी उमड़ी भीड़

तीर्थराज प्रयागराज में मनकामेश्वर मंदिर समेत प्रमुख शिवालयों में भोर से ही श्रद्धालुओं की कतार लग गई। संगम में स्नान करने के बाद भक्तों ने पवित्र जल लेकर शिवालयों में जलाभिषेक किया।

शहर की सड़कों पर भगवा वस्त्र पहने कांवड़ियों की टोलियां ‘जय भोलेनाथ’ और ‘बोल बम’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ती दिखाई दीं। मंदिरों के आसपास फूल-माला और बेलपत्र की दुकानों पर भी रौनक रही। शाम को कई मंदिरों में विशेष शृंगार और रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया।

राम की नगरी अयोध्या भी हुई शिवमय

अयोध्या में नागेश्वरनाथ मंदिर, क्षीरेश्वरनाथ, पंचमुखी महादेव और झारखंडेश्वरनाथ समेत प्रमुख शिवालयों में देर शाम तक ‘हर हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे। रामलला के दरबार से लेकर हनुमानगढ़ी और राम की पैड़ी तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई।

सरयू तट पर स्नान करने के बाद श्रद्धालु पवित्र जल लेकर नागेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिरों में रुद्राभिषेक, बेलपत्र अर्पण और भजन-कीर्तन का सिलसिला चलता रहा। ‘जय श्रीराम’ और ‘बम-बम भोले’ के उद्घोष से पूरी अयोध्या भक्तिमय नजर आई।

कांवड़ यात्रा में गूंजा ‘बोल बम’

सावन के सोमवार पर प्रदेशभर में कांवड़ यात्रा का उत्साह भी चरम पर रहा। भगवा वस्त्रों में कांवड़िए कंधों पर सजी-धजी कांवड़ लेकर पैदल, साइकिल और वाहनों से अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे।

कांवड़ मार्गों पर स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय लोगों की ओर से विश्राम शिविर, जलपान और चिकित्सा शिविर लगाए गए। कई स्थानों पर कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। भक्ति गीतों और ‘बोल बम’ के जयघोष के बीच पूरा प्रदेश सावन की भक्ति में सराबोर दिखाई दिया।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.