सहारनपुर जाने से रोके गए UP कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय, कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार
UP Congress chief Ajay Rai stopped from going to Saharanpur, arrested along with party workers
IPN Live
Lucknow, 8 Sep, 2026 12:33 AMमस्जिद ध्वस्तीकरण के पीड़ितों से मिलने जा रहे थे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, इको गार्डेन में अनुसूचित जाति विभाग के धरने में भी हुए शामिल
लखनऊ, 7 सितंबर (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय को सोमवार को सहारनपुर जाने से रोक दिया गया। वह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण की घटना के संबंध में मस्जिद कमेटी के सदस्यों एवं पीड़ितों से मुलाकात करने जा रहे थे।
कांग्रेस के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से निकलते ही माल एवेन्यू चौराहे पर भारी पुलिस बल ने अजय राय को सहारनपुर जाने से रोक दिया। इस पर वहां मौजूद कांग्रेसजनों ने विरोध किया। इसके बाद अजय राय चौराहे पर ही सड़क पर बैठ गए। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन वहां एकत्र हो गए।
कांग्रेस का आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने अजय राय सहित सैकड़ों कांग्रेसजनों को गिरफ्तार कर बसों में बैठाकर पुलिस लाइन पहुंचाया। काफी देर बाद सभी को छोड़ा गया।
### ‘रास्ता रोक सकते हैं, आवाज नहीं दबा सकते’
पुलिस लाइन से निकलने के बाद अजय राय सहित कांग्रेसजन इको गार्डेन पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग द्वारा चलाए जा रहे अनिश्चितकालीन धरने में शामिल हुए। कांग्रेस के अनुसार, धरने का सोमवार को सातवां दिन था।
इस मौके पर अजय राय ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार जनआकांक्षाओं पर पूरी तरह विफल साबित हुई है और इसलिए वह डरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ितों की आवाज उठाने और उनके दुख-दर्द में शामिल होने के लिए कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता जहां भी पहुंचते हैं, उन्हें रास्ते में रोक दिया जाता है। उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान के विरुद्ध बताया।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर जा रहा था और उन्हें भी वहां पहुंचना था, लेकिन सरकार जाने से रोक रही है। उन्होंने कहा, “रास्ता रोक सकते हैं, किन्तु आवाज नहीं दबा सकते हैं। पीड़ितों की लड़ाई कांग्रेस पार्टी सदैव लड़ती रहेगी।”
### राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर निरस्त करने की मांग को लेकर धरना
कांग्रेस के अनुसार, इको गार्डेन में चल रहा धरना कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई जनसभा के बाद मंच के ‘शुद्धिकरण’ की घटना से जुड़ा है।
पार्टी का आरोप है कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बजाय कांग्रेस के जननायक एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण मानसिकता के चलते फर्जी एफआईआर दर्ज की गई। कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर निरस्त करने तथा दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
यह धरना उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन एवं सांसद तनुज पुनिया के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।
### बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद
इस मौके पर पूर्व विधायक भगौती प्रसाद चौधरी, पूर्व विधायक इंदल रावत, असीम वकार, बद्री विशाल तिवारी, सलीम अख्तर, अब्दुल्ला शेर खान, मौलाना इस्लाही, डॉ. अलीमुल्लाह खान, अरशद आजमी, डॉ. उमा शंकर पाण्डेय, सुरेन्द्र यादव, ओंकारनाथ सिंह, द्विजेन्द्र त्रिपाठी, राजेश जायसवाल, जिलाध्यक्ष रूद्रदमन सिंह बबलू, पंकज तिवारी, अनामिका यादव, सुशीला शर्मा, डॉ. ऋचा शर्मा, सिद्धिश्री, ललन कुमार, कुलदीप दिवाकर, संजय सिंह, अमित जायसवाल, राजेश सिंह, नीरज त्रिपाठी, आशुतोष मिश्रा, कैप्टन बंशीधर मिश्र, राजेश सिंह काली, आर्यन मिश्रा, सुशील कुमार बाल्मीकि, विशम सिंह, मुरली मनोहर, विद्या गौतम और ब्रजेश आर्या सहित सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे।
#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #AjayRai #UttarPradeshCongress #Saharanpur #CongressProtest #Lucknow #EkoGarden #RahuGandhi #MallikarjunKharge #UPPolitics #BreakingNews #PoliticalNews

No Previous Comments found.