LUCKNOW में सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर युवक ने फेंका जूता
Shoe thrown at SP leader Swami Prasad Maurya in Lucknow
IPN Live
Lucknow, 21 Aug, 2023 04:19 PMलखनऊ, 21 अगस्त 2023 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर सोमवार को लखनऊ में एक युवक ने जूता फेंककर हमला किया। इससे सम्मेलन में हंगामा मच गया। हालांकि सपा कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। युवक की पहचान आशीष सैनी के रूप में हुई है। उसका कहना है कि वह हिंदू धर्म के बारे में की गई स्वामी प्रसाद मौर्य की टिप्पणियों से आहत था। पुलिस उसे गिरफ्तार कर विभूतिखंड थाने ले गई है। हमला करने वाला युवक वकील के वेशभूषा में था।
दरअसल, लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में समाजवादी पार्टी की तरफ से पिछड़ा वर्ग सम्मेलन आयोजित किया गया था। सम्मेलन के दौरान ही युवक ने स्वामी प्रसाद की तरफ जूता फेंका और उन पर हमला कर दिया जिससे वहां हंगामा मच गया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया और उसे सपा कार्यकर्ताओं से बचाकर विभूतिखंड थाने ले गई। मामले में पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि श्री मौर्य बीते कुछ समय से हिंदू धर्म को लेकर विवादित टिप्पणी कर रहे हैं जिसके कारण वह सत्तारूढ़ दल भाजपा सहित कई धर्मगुरुओं के निशाने पर हैं। उन्होंने रामचरितमानस की चौपाइयों पर सवाल उठाए हैं।

No Previous Comments found.