सपा का घोषणापत्र नहीं, माफीनामा होना चाहिए, अपराधियों को सत्ता का संरक्षण देने वाले अब जनता को दे रहे झूठे वादों का झांसा : बृजेश पाठक

SP should issue an apology, not a manifesto. Those who protected criminals with the power are now deceiving the public with false promises: Brijesh Pathak

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 27 Nov, 2026 04:09 PM

नई दिल्ली, 27 नवंबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी द्वारा जारी घोषणापत्र को झूठ और खोखले वादों का पुलिंदा बताते हुए कहा कि सपा ने घोषणापत्र नहीं, बल्कि जनता को गुमराह करने वाला ढकोसला पत्र जारी किया है। समाजवादी पार्टी को जनता के सामने घोषणापत्र नहीं, बल्कि अपने शासनकाल के कुकर्मों के लिए माफीनामा पेश करना चाहिए। सपा सरकारों में अपराधियों, माफियाओं और गुंडों को संरक्षण मिला, जबकि दलितों और महिलाओं पर अत्याचार हुए। भाजपा अपने वादों को पूरा करने के ट्रैक रिकॉर्ड पर काम करती है, जबकि सपा पुराने वादों का टेप रिकॉर्ड बजाती है।

पाठक ने कहा कि जब-जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार रही, तब-तब अपराधियों, गुंडों और माफियाओं के पौ बारह रहे। अपराधियों को सांसद, विधायक और मंत्री तक बनाया गया। सपा ने प्रदेश में 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया' की व्यवस्था दी और बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करने वालों को संरक्षण दिया। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान करने वाले आज दलितों के हितैषी बनने का ढोंग कर रहे हैं। सपा सरकार में दलितों पर अत्याचार हुए और पदोन्नति में आरक्षण से जुड़े विधेयक का विरोध किया गया। दलित अधिकारियों को पदावनत तक किया गया। अखिलेश यादव को पहले इन घटनाओं का जवाब देना चाहिए।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता की भूख में तड़प रही है। इंडी गठबंधन के दल पूरे देश में हाशिए पर जा रहे हैं और उत्तर प्रदेश में भी सपा की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। सपा ने अपने पुराने घोषणापत्र को ही नए कलेवर में पेश कर दिया है। भाजपा ने 2017 से 2022 और 2022 से 2027 तक के कार्यकाल में अपने संकल्पों को पूरा करने का काम किया है। भाजपा ट्रैक रिकॉर्ड पर काम करती है, जबकि समाजवादी पार्टी टेप रिकॉर्ड पर। सपा किसानों, गरीबों और युवाओं के नाम पर वादे तो कर रही है, लेकिन उसके शासनकाल का इतिहास जनता के सामने है।

बृजेश पाठक ने कहा कि अयोध्या में निहत्थे कारसेवकों पर गोली चलाने वाली समाजवादी पार्टी को रामलला के दरबार में जाकर माफी मांगनी चाहिए। सपा ने 12 दिसंबर को रामलला के दरबार में जाने की बात कही थी, लेकिन उसे अपने पुराने कृत्यों पर जवाब देना होगा। प्रदेश की जनता को यह भी बताना होगा कि आखिर सपा अपने शासनकाल में अपराधियों और माफियाओं को राजनीतिक संरक्षण क्यों देती रही।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश के साथ उत्सव प्रदेश के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। भाजपा सरकार ने माफियाओं के नेटवर्क ध्वस्त किए हैं और प्रदेश में उद्योग, निवेश तथा विकास का नया वातावरण तैयार किया है। औद्योगीकरण की नीतियों से बड़े-बड़े उद्योग प्रदेश में आ रहे हैं और प्रति व्यक्ति आय तीन गुना हुई है। सपा शासनकाल में माफियाओं को मंच और राजनीतिक संरक्षण मिलता था, जबकि भाजपा सरकार ने उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने का काम किया है।

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सपा सरकार में बेटियां शाम पांच बजे के बाद घर से बाहर निकलने में असुरक्षित महसूस करती थीं, जबकि आज भाजपा सरकार में महिलाएं रात 12 बजे भी सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकती हैं। कानून-व्यवस्था में आया बदलाव प्रदेश की जनता के सामने है।

युवाओं के रोजगार पर बृजेश पाठक ने कहा कि सपा शासनकाल में सरकारी नौकरियों में जाति और सिफारिश को प्राथमिकता दी जाती थी। प्रयागराज के लोक सेवा आयोग में अनिल यादव को अध्यक्ष बनाया गया था, जिन पर अपराध से जुड़े कई मुकदमे दर्ज थे। उस समय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं में भारी नाराजगी थी। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची, उनकी योग्यता, मेधा और कौशल के आधार पर सरकारी नौकरियां देने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि सपा नेता 24 घंटे बिजली देने के वादे कर रहे हैं, जबकि उनके शासनकाल में एक सप्ताह दिन और दूसरे सप्ताह रात में बिजली आती थी। आज भाजपा सरकार ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में समान बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की है। पीडीए की बातें करने वाली सपा बताए कि वह अपने काम और अपनी नीतियों के आधार पर जनता के बीच क्यों नहीं जाती।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहे कितने भी नए नाम और कलेवर के साथ जनता के बीच आए, प्रदेश की जनता उसकी असलियत जानती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा सरकार ने सुशासन, महिला सुरक्षा, गरीब कल्याण और विकास के माध्यम से 25 करोड़ प्रदेशवासियों का विश्वास जीता है। 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के मंत्र के साथ उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

#BrajeshPathak #SamajwadiParty #AkhileshYadav #UPPolitics #UttarPradesh #BJP #YogiGovernment #LawAndOrder #DalitPolitics #YouthEmployment #WomenSafety #PoliticalNews #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.