मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, अजय राय समेत कई नेता हिरासत में
Congress protests against Chief Election Commissioner, Ajay Rai and several other leaders detained
IPN Live
Lucknow, 25 Sep, 2026 05:59 PMलखनऊ, (आईपीएन)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा घोषित देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर विशाल धरना और प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सांसद तनुज पुनिया, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा 'मोना' तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं ने किया।
कांग्रेस नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित "वोट चोरी" के मुद्दे को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्ष चुनाव और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही की मांग उठाई।
तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन में डटे रहे। नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि मतदाता के अधिकारों, निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डेन भेज दिया। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिश बताया और कहा कि गिरफ्तारियों से उनका आंदोलन कमजोर नहीं होगा।
उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े सवालों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। वहीं कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर जवाब नहीं मिलता, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए उनका आंदोलन सड़क से संसद तक जारी रहेगा।
#Congress #Lucknow #CEC #GyaneshKumar #AjayRai #RajendraPalGautam #TanujPunia #AradhanaMishraMona #UPCongress #Democracy #ElectionCommission #PoliticalProtest #UttarPradesh #EcoGarden #VoteRights

No Previous Comments found.