योगी का दावा- 2027 में भाजपा की सिर्फ हैट्रिक नहीं, बनेगा नया रिकॉर्ड, प्रचंड बहुमत से फिर बनाएंगे सरकार

Yogi claims that in 2027, the BJP will not only achieve a hat-trick but will also set a new record and form the government again with a massive majority.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 18 Nov, 2026 01:51 PM
योगी का दावा- 2027 में भाजपा की सिर्फ हैट्रिक नहीं, बनेगा नया रिकॉर्ड, प्रचंड बहुमत से फिर बनाएंगे सरकार

'राइजिंग भारत समिट' में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर बोला हमला, सपा-कांग्रेस के परिवारवाद, जातिवाद और गुंडाराज को बनाया निशाना

अखिलेश सरकार पर दंगाइयों को संरक्षण देने का आरोप, बोले- पहले दंगाइयों को माला पहनाई जाती थी, अब उनके दगापन का उपचार किया जाता है

लखनऊ, 18 नवम्बर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश की सत्ता में तीसरी बार वापसी के दावे के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा का सियासी एजेंडा सामने रखा है। एक निजी चैनल के 'राइजिंग भारत समिट' में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2027 में भाजपा की केवल हैट्रिक नहीं लगेगी, बल्कि नया रिकॉर्ड भी बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, करोड़ों कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक ताकत और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के दम पर भाजपा प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा पूरी दमदारी से जनता के बीच जाएगी और जनता-जनार्दन का आशीर्वाद प्राप्त करेगी। उन्होंने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वह प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा चुनाव जीता और फिर लगातार पांच वर्ष सरकार चलाई। भाजपा पहले भी कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और इस बार भी नया रिकॉर्ड बनाएगी।

परिवारवाद और जातिवाद को बनाया चुनावी हमले का आधार

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवारवाद, जातिवाद और विभाजनकारी राजनीति ने उत्तर प्रदेश को पीछे धकेला था। उनके मुताबिक पहले बेटियां असुरक्षित थीं, व्यापारियों को रंगदारी देने के लिए मजबूर किया जाता था और नौजवानों की नौकरियों पर सेंध लगती थी। कर्फ्यू और दंगे प्रदेश की पहचान बन चुके थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में राजनीति का अपराधीकरण हो गया था। 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' की स्थिति थी और थानों से लेकर भर्ती आयोगों तक अराजकता का माहौल था। मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि परीक्षा नहीं देने वालों तक को नियुक्ति पत्र दिए जाते थे।

दंगाइयों को माला पहनाने वाली सरकार पर कटाक्ष

सपा सरकार पर हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस राज्य का मुख्यमंत्री दंगाइयों को स्टेट प्लेन से बुलाकर मुख्यमंत्री आवास में माला पहनाता हो, उस राज्य का बेड़ा गर्क होना ही था। उन्होंने कहा कि पहले दंगाइयों को सम्मानित किया जाता था, जबकि आज दंगाइयों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ''आज दंगाइयों को सम्मानित नहीं किया जाता, उसके दगापन का उपचार किया जाता है, उसको दाग दिया जाता है।'' उन्होंने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश में किसी को व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आग लगाने या बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने की छूट नहीं है।

रात दो बजे भी घर लौट रही हैं बेटियां: योगी

कानून-व्यवस्था में बदलाव का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित एचसीएल टेक कैंपस का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में इस कैंपस में करीब 100 लोग काम करते थे, जबकि अब यहां उत्तर प्रदेश के 18 हजार युवा कार्यरत हैं।

योगी ने बताया कि बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ से आने वाली कई युवतियां नाइट शिफ्ट में काम करती हैं और रात दो बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद भी बेखौफ अपने घर लौटती हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक युवतियों ने उनसे कहा कि अब यूपी में गुंडाराज नहीं है। उन्होंने इसे प्रदेश में बदली कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा का उदाहरण बताया।

निवेश और रोजगार को लेकर सपा सरकार पर निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित माहौल के कारण उत्तर प्रदेश निवेश के नए केंद्र के रूप में उभरा है। उन्होंने एचसीएल और फॉक्सकॉन के सहयोग से प्रदेश में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट लगाने की प्रक्रिया का उल्लेख किया। योगी ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले समाजवादी पार्टी सरकार की इन्वेस्टर्स समिट के बावजूद निवेशक लखनऊ आने को तैयार नहीं थे।

उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी जाने के डर से नोएडा नहीं जाता था, उस सरकार में प्रदेश का विकास कैसे होता। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भयमुक्त वातावरण और सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।

कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर जनता के बीच जाएगी भाजपा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा अपने करोड़ों कार्यकर्ताओं की ताकत और स्पष्ट नेतृत्व के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। पार्टी सपा-कांग्रेस के शासनकाल में कथित अराजकता, दंगे, लूटपाट और कानून-व्यवस्था की बदहाली को भी जनता के सामने रखेगी।

मुख्यमंत्री के पूरे संबोधन से स्पष्ट है कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, निवेश, रोजगार और विपक्ष के परिवारवाद एवं जातिवाद को अपने प्रमुख राजनीतिक मुद्दों के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी में है।

#YogiAdityanath #Mission2027 #UPPolitics #BJP #UPElections2027 #RisingBharatSummit #SamajwadiParty #Congress #LawAndOrder #WomenSafety #Investment #Employment #UttarPradesh #योगीआदित्यनाथ #भाजपा #यूपीचुनाव2027 #अखिलेशयादव #आईपीएन #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.