विपक्ष के झूठ और अराजकता की गांव-गांव, घर-घर खोलेंगे पोल, मुंहतोड़ जवाब देंगे: पंकज चौधरी
We will expose the lies and chaos of the opposition in every village and every household, and give a befitting reply: Pankaj Chaudhary
IPN Live
Lucknow, 4 Nov, 2026 07:01 PMचुनावी हार का ठीकरा ईवीएम और चुनाव आयोग पर फोड़ना बंद करे कांग्रेस, आत्ममंथन करे विपक्ष; बोले- मोदी के नए भारत में षड्यंत्र और अराजकता की राजनीति नहीं चलेगी
भाजपा ने सामाजिक न्याय और महिला सशक्तीकरण के लिए किए ऐतिहासिक संवैधानिक संशोधन; यूपी की कानून-व्यवस्था आज पूरे देश के लिए मिसाल
गोरखपुर, 4 नवंबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह नया भारत है, यह मोदी जी का विकसित भारत है और विकसित संकल्प वाला भारत है। यहां किसी भी प्रकार की अराजकता और षड्यंत्रकारी राजनीति नहीं चलेगी। विपक्ष के हर झूठ और अराजकता का मुंहतोड़ जवाब गांव-गांव और घर-घर जाकर दिया जाएगा।
यह बातें उन्होंने बुधवार को गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं। इससे पहले उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का गोरखपुर में प्रथम आगमन पर स्वागत किया।
ईवीएम पर सवाल उठाने वाले बैलेट पेपर के नतीजों पर भी दें जवाब
पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्ष कभी ईवीएम पर सवाल उठाता है तो कभी बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करता है, जबकि बैलेट पेपर से हुए देश के 28 एमएलसी सीटों के चुनाव में कांग्रेस को मात्र एक सीट मिली। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 37, तमिलनाडु में 59, पश्चिम बंगाल में 49, बिहार में 36, त्रिपुरा में 33, गुजरात में 31, ओडिशा में 26 और नागालैंड में 21 वर्षों से सत्ता से बाहर है। कांग्रेस को अपनी हार पर आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह सभा लोकतंत्र की रक्षा, अराजकता समाप्त करने और राष्ट्रविरोधी षड्यंत्रों को बेनकाब करने के संकल्प का हिस्सा है। विपक्षी गठबंधन जनता को गुमराह कर रहा है और चुनाव हारने पर ईवीएम व चुनाव आयोग पर आरोप लगाकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने तथा देश में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास करता है।
कांग्रेस को संविधान नहीं, परिवार और सत्ता की चिंता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे संसद में चर्चा और बहस के समय बाहर चले जाते हैं, लेकिन 'मॉक संसद' कर लोकतंत्र के मंदिर का अपमान कर रहे हैं। कांग्रेस को संविधान नहीं, बल्कि परिवार और सत्ता की चिंता है।
उन्होंने कहा कि 2024 में संविधान बदलने का भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने वाली कांग्रेस ने ही अपने एक नेता को प्रधानमंत्री पद पर बनाए रखने के लिए 1976 में 42वां संविधान संशोधन किया था, जिसे 'मिनी संविधान' कहा जाता है। कांग्रेस अब तक 75 संशोधन कर चुकी है, जबकि एनडीए सरकार ने अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 22 संशोधन किए, जिनमें एससी-एसटी के अधिकारों एवं सम्मान और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को अधिकार दिलाने के लिए किए गए संशोधन शामिल हैं।
बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा करने की बात गंभीर, भारत में नहीं चलेगा ऐसा षड्यंत्र
पंकज चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन दिल्ली में कुछ नौजवानों को भ्रमित और लोगों को उत्तेजित कर प्रदर्शन कराया गया। शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर सरकार या भाजपा को कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन जब नेताओं ने 'रिजीम चेंज' की बात की और एक नेत्री ने बांग्लादेश जैसा प्रयोग करने की बात कही, तो यह गंभीर विषय है।
उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की जड़ें बेहद गहरी हैं और यहां बांग्लादेश, नेपाल या श्रीलंका जैसी स्थिति नहीं बन सकती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद से तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं। आज लोकतंत्र बचाने वालों के साथ जनता की कितनी बड़ी ताकत खड़ी है, यह यहां उमड़ी भीड़ से स्पष्ट है।
चुनावी हार के लिए बहाने नहीं, आत्ममंथन करे विपक्ष
पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्ष के लोग चुनाव हारते हैं तो केवल आरोप लगाते हैं। उन्हें स्वयं आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। हाल ही में हुए उपचुनाव, नगर निकाय चुनाव, असम, बिहार और पांडिचेरी के चुनाव, राजस्थान एवं गुजरात के निकाय चुनावों में जनता ने उन्हें हराकर वापस भेजने का काम किया है। इसलिए उन्हें अपने भीतर झांककर आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास हासिल करने के लिए जमीन पर काम करना पड़ता है। केवल चुनाव के समय सक्रिय होकर और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करके जनता का समर्थन हासिल नहीं किया जा सकता।
एसआईआर के नाम पर हंगामा, घुसपैठियों के नाम हटने से विपक्ष परेशान
पंकज चौधरी ने कहा कि एसआईआर को लेकर विपक्ष अनावश्यक हंगामा कर रहा है, जबकि यह प्रक्रिया नौवीं बार हो रही है। एसआईआर के तहत अनुपस्थित, मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नामों का शुद्धिकरण किया जाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि प्रत्येक भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए और छूटे हुए नाम फॉर्म-6 के माध्यम से जुड़वाए जा सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों और बांग्लादेशियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने पर ही विपक्ष चुनाव आयोग पर आरोप लगा रहा है।
फ्रैजाइल-5 से दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचा भारत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ विपक्ष अराजकता फैला रहा है, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से देश निरंतर प्रगति कर रहा है। 2014 से पहले कांग्रेस देश को बीमारू अर्थव्यवस्था और फ्रैजाइल-5 की स्थिति में छोड़कर गई थी। इसके बाद कोविड महामारी और वैश्विक संकट जैसी चुनौतियों के बावजूद भारत आज दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के साथ बिना भेदभाव गरीबों का कल्याण, इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास और नौजवानों को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
2 लाख 30 हजार से अधिक स्टार्टअप, दुनिया में बढ़ रहा भारत का गौरव
पंकज चौधरी ने कहा कि इसी देश में पहले स्टार्टअप उंगलियों पर गिने जा सकते थे, लेकिन आज देश में 2 लाख 30 हजार से अधिक स्टार्टअप चल रहे हैं। हमारे नौजवान अपने स्टार्टअप के दम पर अंतरिक्ष तक जाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा है। पहले भारत कुछ कहता था तो दुनिया सुनती नहीं थी, लेकिन आज भारत कुछ कहता है तो दुनिया सुनती भी है और उस पर अमल भी करती है। यही आज भारत की पहचान बनी है।
गरीब कल्याण, सीमाओं की सुरक्षा और नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार
पंकज चौधरी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने गरीबों का कल्याण, सीमाओं की सुरक्षा, नक्सलवाद का उन्मूलन और धारा 370 समाप्त कर अखंड भारत के निर्माण की दिशा में काम किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा, आर्थिक विकास और सामाजिक सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सरकार की नीतियों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
सपा सरकार के दौर में घर पर हुई थी फायरिंग, आज यूपी की कानून-व्यवस्था पूरे देश में मिसाल
उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए पंकज चौधरी ने अपने पुराने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि 2015-16 में महाराजगंज में जिला पंचायत चुनाव के दौरान सांसद रहते हुए उनके घर पर फायरिंग की गई थी और विधायकों को रिवॉल्वर दिखाकर गाड़ियों से उतार लिया जाता था।
उन्होंने कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि लोग यहां आने और निवेश करने से घबराते थे। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरे देश में मिसाल बनी है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब भय और अराजकता की पहचान से बाहर निकलकर विकास, सुशासन और बेहतर कानून-व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं।
#PankajChaudhary #पंकजचौधरी #BJP #BJPUttarPradesh #BJPUP #Gorakhpur #गोरखपुर #YogiAdityanath #योगीआदित्यनाथ #NarendraModi #नरेंद्रमोदी #LoktantraBachao #लोकतंत्रबचाओ #अराजकता_हटाओ #UPPolitics #उत्तरप्रदेश_राजनीति #UPNews #UttarPradesh #SIR #ViksitBharat #विकसितभारत #NariShaktiVandan #महिलासशक्तीकरण #SocialJustice #सामाजिकन्याय #IndianEconomy #StartupIndia #LawAndOrder #कानूनव्यवस्था #Mission2027 #IPNNews

No Previous Comments found.