उत्तर प्रदेश: योगी की कैबिनेट से इस्तीफा देने वाले तीसरे मंत्री दारा सिंह भी समाजवादी पार्टी में हुए शामिल
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार से इस्तीफा देने वाले भाजपा के तीसरे मंत्री दारा सिंह चौहान भी रविवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए है। आज सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी का दामन थामा। उनके साथ भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल के विधायक आरके वर्मा भी सपा में शामिल हुए।
IPN Live
Lucknow, 16 Jan, 2022 06:25 PMलखनऊ, 16 जनवरी 2022 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार से इस्तीफा देने वाले भाजपा के तीसरे मंत्री दारा सिंह चौहान भी रविवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए है। आज सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी का दामन थामा। उनके साथ भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल के विधायक आरके वर्मा भी सपा में शामिल हुए। इस अवसर पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने केवल तोड़ने की राजनीति की है और वो विकास की राजनीति पर ध्यान देंगे।
बता दें कि लोकसभा और राज्यसभा सांसद रह चुके दारा सिंह चौहान अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय के प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। बुधवार को इस्तीफा देने से पहले वे योगी सरकार में पर्यावरण और वन मंत्री थे और उनका जाना भाजपा के लिए एक बड़ा झटका है।
चौहान भाजपा छोड़कर सपा में शामिल होने वाले आखिरी बड़े नेता हैं। चूंकि शनिवार को अखिलेश ने कहा था कि अब वे किसी अन्य नेता को अपनी पार्टी में नहीं लेंगे।
ज्ञात हो कि चौहान से पहले उत्तर प्रदेश सरकार से इस्तीफा देने वाले भाजपा के अन्य दो मंत्री, स्वामी प्रसाद मौर्य और धर्म सिंह सैनी भी शुक्रवार को सपा में शामिल हो चुके हैं। उनके साथ उनके छह समर्थक भाजपा विधायक भी सपा में शामिल हुए थे।
ये सभी नेता ओबीसी समुदाय से आते हैं और इन्होंने पिछले एक हफ्ते के अंदर ही इस्तीफा दिया था। इन नेताओं ने भाजपा पर पिछड़ों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है।

No Previous Comments found.