दिल्ली में ‘वोट चोरी’ विरोधी महारैली के लिए UP कांग्रेस का 2 लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य

UP Congress aims to gather 2 lakh people for anti-vote theft mega rally in Delhi

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 24 Oct, 2026 03:53 AM
दिल्ली में ‘वोट चोरी’ विरोधी महारैली के लिए UP कांग्रेस का 2 लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य

आराधना मिश्रा ‘मोना’ और राजेंद्र पाल गौतम छह जोन की बैठकों से तेज कर रहे तैयारियां, 25 से 27 अक्टूबर तक प्रयागराज, अलीगढ़ और मुरादाबाद में बैठकें

लखनऊ, 24 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट चोरी’ विरोधी महारैली की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने इस महारैली में उत्तर प्रदेश से दो लाख कांग्रेसजनों को दिल्ली पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम छह जोन की बैठकों के माध्यम से संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रहे हैं।

तीन जोन की बैठकें पूरी, तीन की तैयारी

कांग्रेस की ओर से अवध, बुंदेलखंड और पूर्वांचल जोन की बैठकें पूरी की जा चुकी हैं। अब प्रयाग, ब्रज और पश्चिम जोन की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों, वर्तमान एवं पूर्व सांसदों-विधायकों, पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों और पूर्व लोकसभा-विधानसभा प्रत्याशियों सहित संगठन के प्रमुख नेताओं को शामिल किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रयाग जोन की बैठक 25 अक्टूबर को दोपहर दो बजे प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित शंकरलाल मेमोरियल हॉल में होगी। ब्रज जोन की बैठक 26 अक्टूबर को सुबह 11 बजे अलीगढ़ के मैरिस रोड चौराहे स्थित शहनाई मैरिज हॉल में और पश्चिम जोन की बैठक 27 अक्टूबर को सुबह 11 बजे मुरादाबाद के ईदगाह रोड स्थित आर्चिड ग्रैंड लॉन में आयोजित की जाएगी।

छह जोन के लिए सह-प्रभारियों को जिम्मेदारी

महारैली की तैयारियों को जिला स्तर तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने छह जोन के राष्ट्रीय सचिव-सह प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें अब्दुल हन्नान को अवध, अभिषेक दत्त को पूर्वांचल, वरुण चौधरी को प्रयाग, जगदीश चंद्र जांगीड़ को बुंदेलखंड, कुणाल चौधरी को ब्रज और संजीव आर्य को पश्चिम जोन की जिम्मेदारी दी गई है।

सभी सह-प्रभारी अपने-अपने जोन के जिलों में संगठनात्मक बैठकें करने, जनसंपर्क बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने में जुटे हैं, ताकि महारैली में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

मताधिकार की रक्षा का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस

कांग्रेस के अनुसार, महारैली का उद्देश्य वोट चोरी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाना, लोकतांत्रिक मूल्यों और मताधिकार की रक्षा के लिए जनजागरण करना तथा इस विषय पर व्यापक जनसमर्थन जुटाना है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि लोकतंत्र में जनता के मत की पवित्रता सर्वोपरि है और इसकी रक्षा के लिए व्यापक जनभागीदारी जरूरी है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला, शहर, ब्लॉक और मंडल स्तर के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, अग्रिम संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों और कार्यकर्ताओं से महारैली की तैयारियों में सक्रियता से जुटने तथा एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचने का आह्वान किया है।

#Congress #VoteChori #DelhiRally #UPCongress #आराधनामिश्रा #राजेंद्रपालगौतम #कांग्रेस #लोकतंत्र #मताधिकार #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.