जिन्हें जेवर का विकास नहीं दिखता, उन्हें केवल गड्ढे-जलभराव दिखाई दे रहे : धीरेन्द्र सिंह

Those who cannot see the development of Jewar, only see potholes and waterlogging: Dhirendra Singh

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 12 Aug, 2026 07:25 PM
जिन्हें जेवर का विकास नहीं दिखता, उन्हें केवल गड्ढे-जलभराव दिखाई दे रहे : धीरेन्द्र सिंह
लखनऊ/जेवर, 12 अगस्त 2026 (आईपीएन)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निकट पार्किंग स्थल पर बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा कर कमियों को दूर करने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जिन्हें जेवर का अभूतपूर्व विकास दिखाई नहीं देता, उन्हें केवल गड्ढे और जलभराव नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास से जनता का ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष द्वारा इस मुद्दे पर राजनीति की जा रही है।

विधायक ने कहा कि बारिश के बाद विपक्ष को गड्ढे और जलभराव दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इसी धरती पर खड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, विश्वस्तरीय सड़कें, औद्योगिक निवेश और हजारों युवाओं के लिए पैदा हो रहे रोजगार के अवसर नजर नहीं आ रहे। उन्होंने कहा कि एक समय जेवर क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से दूर था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज यह उत्तर प्रदेश के बदलते औद्योगिक और आर्थिक स्वरूप का प्रमुख केंद्र बन चुका है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने जेवर को देश-दुनिया के मानचित्र पर नई पहचान दी है।

एयरपोर्ट को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना

धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में एयरपोर्ट वर्षों तक चर्चा और कागजों तक सीमित रहा, आज वही लोग इसके आसपास बारिश के पानी को लेकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को जेवर में हुआ विकास और उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर स्वीकार नहीं हो रही है।

जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान

विधायक ने स्पष्ट किया कि जलभराव या किसी तकनीकी कमी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा, “विपक्ष तस्वीरों में गड्ढे खोजता रहे, हम जेवर में विकास की नई इबारत लिखते रहेंगे। कमी जहां होगी, उसे ठीक कराया जाएगा, लेकिन कुछ समय के जलभराव को जेवर और उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक विकास पर पर्दा डालने का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।”

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.