महिला आरक्षण का विरोध करने वाले अब परिसीमन पर भी अड़ंगा लगा रहे, आधी आबादी को अधिकार देने से क्यों डर रहा है इंडी गठबंधन : पंकज चौधरी

Those opposing women's reservation are now blocking delimitation as well. Why is the Indi alliance afraid of giving rights to half the population?: Pankaj Chaudhary

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 29 Nov, 2026 08:02 PM
महिला आरक्षण का विरोध करने वाले अब परिसीमन पर भी अड़ंगा लगा रहे, आधी आबादी को अधिकार देने से क्यों डर रहा है इंडी गठबंधन : पंकज चौधरी

सात दशकों तक महिलाओं को नीति निर्धारण से दूर रखा गया, अब मोदी सरकार उन्हें उनका वास्तविक अधिकार देने जा रही है; कांग्रेस और सपा को समर्थन करना चाहिए : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

लखनऊ, 29 नवंबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन को कठघरे में खड़ा करते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल किया कि जो विपक्षी दल वर्षों तक महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व और नीति निर्धारण में उनका अधिकार नहीं दिला सके, वे अब आधी आबादी को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का विरोध क्यों कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और अन्य दलों ने जिस बदलाव की कभी कल्पना तक नहीं की थी, वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार होने जा रहा है। सात दशकों के संघर्ष के बाद महिलाओं को नीति निर्धारण में उनका वास्तविक अधिकार मिलने का रास्ता खुल रहा है, ऐसे में विपक्ष को राजनीति छोड़कर इस ऐतिहासिक पहल का समर्थन करना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन के दल शुरू से ही महिला आरक्षण के विरोधी रहे हैं। अब परिसीमन बिल को लेकर भी उनका विरोध उनकी राजनीतिक सोच पर सवाल खड़े करता है। परिसीमन की प्रक्रिया 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने और मातृशक्ति को राजनीति से लेकर नीति निर्धारण तक पर्याप्त भागीदारी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

27 लाख की आबादी पर एक सांसद, प्रतिनिधित्व का संतुलन जरूरी

पंकज चौधरी ने परिसीमन को संवैधानिक और व्यावहारिक आवश्यकता बताते हुए अंतरराष्ट्रीय उदाहरण भी सामने रखे। उन्होंने कहा कि अमेरिका में एक लोकसभा सीट की अधिकतम जनसंख्या लगभग आठ लाख, ब्राजील में करीब 1.6 लाख और जर्मनी में लगभग 1.33 लाख है, जबकि भारत में एक लोकसभा सीट पर औसतन 27 लाख की आबादी है। सीटों की संख्या 850 होने के बाद भी यह आंकड़ा लगभग 17 लाख रहेगा। ऐसे में परिसीमन के माध्यम से प्रतिनिधित्व का बेहतर संतुलन स्थापित करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सीटों और जनसंख्या के बीच संतुलन बनने से आम नागरिकों को अपने जनप्रतिनिधियों तक पहुंचने का बेहतर अवसर मिलेगा। इससे जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही बढ़ेगी और जनसमस्याओं के समाधान तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

राष्ट्रहित के फैसलों पर विरोध नहीं, सकारात्मक सहयोग करे विपक्ष

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी दलों की बैठकों और विरोध पर कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन राष्ट्रहित और समाज के हित में उठाए जाने वाले अच्छे कदमों का समर्थन भी होना चाहिए। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद संवाद और बातचीत का रास्ता खुला रहना चाहिए।

पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया पर 'सशक्त नारी, सबकी जिम्मेदारी' का संदेश साझा करते हुए कहा कि परिसीमन बिल लागू होने के बाद राजनीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में मातृशक्ति और आधी आबादी के अधिकारों का विस्तार होगा। इससे देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी और अधिक प्रभावी होगी।

उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि महिला सशक्तीकरण केवल नारों से नहीं, बल्कि निर्णय लेने वाली संस्थाओं में महिलाओं को उचित हिस्सेदारी देने से संभव है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है और विपक्ष को भी इस बदलाव में बाधक बनने के बजाय सहभागी बनना चाहिए।

#PankajChaudhary #WomenReservation #NariShaktiVandan #Delimitation #BJP #Congress #SamajwadiParty #INDIAlliance #WomenEmpowerment #PoliticalNews #UttarPradesh #NarendraModi #महिलाआरक्षण #नारीशक्ति #राजनीति #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.