महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर होगा इस बार का विधानसभा चुनाव: अखिलेश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि इस बार विधानसभा चुनाव महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर होगा। भाजपा की कुनीतियों से त्रस्त प्रदेश की जनता ने इस सरकार को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है। प्रदेश में बदलाव होना तय है। उन्होंने कहा समाजवादी सरकार आने पर किसानों, नौजवानों, बुजुर्गों, महिलाओं समेत हर वर्ग का ध्यान रखा जाएगा।
IPN Live
Lucknow, 13 Nov, 2021 09:30 PMगोरखपुर, 13 नवम्बर 2021 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि इस बार विधानसभा चुनाव महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर होगा। भाजपा की कुनीतियों से त्रस्त प्रदेश की जनता ने इस सरकार को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है। प्रदेश में बदलाव होना तय है। उन्होंने कहा समाजवादी सरकार आने पर किसानों, नौजवानों, बुजुर्गों, महिलाओं समेत हर वर्ग का ध्यान रखा जाएगा।
अखिलेश शनिवार को गोरखपुर में विजय रथ यात्रा में शामिल लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। उनकी रथ यात्रा रजही मोड़ से शुरू हुई। जगदीशपुर में उनकी जनसभा हुई। कुशीनगर के झागा बाजार, रामकोला विधानसभा क्षेत्र के कप्तानगंज बाजार से डीसीएफ चौक पर, खड्डा विधानसभा क्षेत्र के पकरियापार बाजार में भी उनका भव्य स्वागत हुआ और उनकी विशाल जनसभाएं हुईं।
अखिलेश ने कहा कि गरीबों की जेब काटकर भाजपा सरकारें अमीरों की तिजोरी भर रही है। 3 महीने में 600 गुना से ज्यादा मुनाफा तेल कम्पनियों को हुआ है। खाने के तेल और रसोई गैस का दाम कहां से कहां पहुंच गया है। भाजपा बताए जो मुनाफा कमाया वह कहां गया?
श्री यादव ने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। भाजपा ने सभी सरकारी संस्थाओं को कमजोर किया है। भाजपा बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर द्वारा दलितों, पिछड़ों को दिए गए संवैधानिक अधिकार भी छीनने की साजिश कर रही है। अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया। रूपया लगातार डालर से कमजोर हो रहा है। सरकार ने डीजल-पेट्रोल महंगा कर भारी मुनाफा कमाया। जनता पर महंगाई का बोझ डाला। हर चीज महंगी हो गई है।
अखिलेश ने कहा कि नौजवानों, किसानों, महिलाओं, व्यापारियों, मजदूरों में भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर आक्रोश और नाराजगी है। समाजवादी विजय रथ यात्रा प्रदेश में परिवर्तन के लिए निकाली जा रही है। जनता समाजवादी पार्टी के साथ है। जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। समाजवादी पार्टी के प्रति आम जनता, नेताओं और कार्यकर्ताओं का भरोसा बढ़ा है। गोरखपुर में समाजवादी विजय रथ यात्रा को मिल रहे भारी समर्थन से भाजपाई सत्ता की चूलें हिल गयी है। गोरखपुर में मिले जनसमर्थन से 2022 में सपा के पक्ष में बयार और बुलन्द हो गई है।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों का अपमान किया है। उन्हें गाड़ी के टायरों से कुचला है। किसानों पर तीन काले कृषि कानून थोप दिए गए। किसान इन काले कानूनों के खिलाफ आन्दोलन कर रहा है लेकिन भाजपा सरकार नहीं सुन रही है। गन्ना किसानों का हजारों करोड़ रूपया बकाया है।
श्री यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर किसानों को सम्मान दिया जाएगा। फसलों का सही मूल्य मिलेगा। नौजवानों को नौकरी दी जाएगी। महिलाओं को पेंशन और सुरक्षा दी जाएगी। सभी वर्गों का सम्मान होगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव को जो व्यापक जनसमर्थन मिला, उनकी सभाओं में जैसा जनसैलाब उमड़ा, उससे समाजवादी पार्टी की सरकार आना तय है।
गोरखपुर से कुशीनगर के लिए शुरू हुई समाजवादी विजय रथ यात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ। यात्रा को लेकर सपाइयों में जबरदस्त उत्साह रहा। सिर पर लाल टोपी और हरा लाल झण्डा लिए समाजवादी पार्टी के लाखों की संख्या में कार्यकर्ता नेता और जनसामान्य यात्रा में शामिल हुए।

No Previous Comments found.