सपा सरकार में नकल माफिया को मिला बढ़ावा, अखिलेश यादव पर बृजलाल का पलटवार

The copying mafia got a boost under the SP government, Brijlal hit back at Akhilesh Yadav

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 17 Aug, 2026 04:54 AM
सपा सरकार में नकल माफिया को मिला बढ़ावा, अखिलेश यादव पर बृजलाल का पलटवार

लखनऊ, 15 अगस्त (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी और राज्यसभा सांसद बृजलाल ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और विकास को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के सवालों पर पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में नकल माफिया को बढ़ावा मिला और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है।

मुलायम सरकार में नकल अध्यादेश खत्म होने का लगाया आरोप

बृजलाल ने कहा कि वर्ष 1993 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में नकल अध्यादेश समाप्त किए जाने के बाद प्रदेश में नकल माफिया की नींव पड़ी। उन्होंने दावा किया कि इटावा सहित आसपास के क्षेत्रों में नकल के केंद्र बनने लगे। इससे प्रदेश की छवि प्रभावित हुई और मेधावी छात्रों के भविष्य पर भी असर पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि नकल और भर्ती में अनियमितताओं के सवाल केवल स्कूली परीक्षाओं तक सीमित नहीं रहे, बल्कि पीसीएस, पुलिस भर्ती और अन्य भर्तियों को लेकर भी सवाल उठते रहे। बृजलाल ने दावा किया कि अखिलेश यादव सरकार के समय 14 आईपीएस अधिकारियों को निलंबित किया गया था। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने के लिए सपा सरकार जिम्मेदार रही।

कम छात्र संख्या वाले स्कूलों के विलय का किया बचाव

प्रदेश में कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों के विलय को लेकर उठ रहे सवालों पर बृजलाल ने कहा कि कई स्कूलों में महज 10 से 15 विद्यार्थी थे। ऐसे विद्यालयों का बड़े स्कूलों में विलय संसाधनों और शिक्षकों के बेहतर इस्तेमाल के उद्देश्य से किया गया है।

उन्होंने कहा कि जहां स्कूलों के बीच दूरी एक किलोमीटर से अधिक है, वहां विशेष छूट देते हुए व्यवस्था को यथासंभव स्थानीय स्तर पर बनाए रखा गया है। पुराने स्कूल भवनों का इस्तेमाल प्री-प्राइमरी शिक्षा के लिए किया जा रहा है। आंगनवाड़ी केंद्रों को भी प्री-प्राइमरी शिक्षा से जोड़ा गया है।

बृजलाल के मुताबिक शिक्षकों की तैनाती छात्र संख्या के अनुपात में की जा रही है। कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों में आवश्यकता के अनुसार शिक्षक तथा बड़े विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

विकास के दावों पर भी अखिलेश को घेरा

अखिलेश यादव की ओर से प्रदेश के विकास को लेकर उठाए गए सवालों पर बृजलाल ने विपक्ष पर ‘फर्जी नैरेटिव’ गढ़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और प्रदेश में करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूती का असर देश की अर्थव्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। बृजलाल ने सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव देश की अर्थव्यवस्था के चौथे स्थान पर पहुंचने के तथ्य से इनकार कर सकते हैं।

कानून-व्यवस्था को लेकर सपा पर निशाना

बृजलाल ने अखिलेश यादव के कार्यकाल की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान दंगे, रंगदारी, अपहरण और माफिया गतिविधियां आम थीं, जिसके चलते निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश करने से बचते थे।

उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर होने से निवेश का माहौल बना है। करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों का हवाला देते हुए बृजलाल ने इसे प्रदेश में हो रहे आर्थिक विकास का प्रमाण बताया और कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है।

#ipnlive #ipnnews #ipn #BrijLal #AkhileshYadav #SamajwadiParty #SP #BJP #UttarPradesh #Education #UPPolitics #YogiAdityanath #LawAndOrder

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.