भाजपा के पास चुनाव जीतने के लिए पैसे के सिवा कुछ नहीं बचा : अखिलेश यादव
The BJP has nothing left to win elections other than money: Akhilesh Yadav.
IPN Live
Lucknow, 13 Aug, 2026 11:58 PM“10 साल में महिलाओं के हिस्से के 5 लाख रुपये का हिसाब दे भाजपा, अब 20 हजार का जुमला क्यों?”
“80:20 की बात करने वालों ने 96:4 करके भ्रष्टाचार का सुपर रिकॉर्ड बना दिया”
लखनऊ, 13 अगस्त (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा के पास चुनाव जीतने के लिए पैसे के सिवा कुछ नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जिस धन के सहारे चुनावी राजनीति करना चाहती है, वह उसकी ‘पाप की कमाई’ है, जिसे उत्तर प्रदेश की धार्मिक और जागरूक महिलाएं कभी स्वीकार नहीं करेंगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की महिलाएं भाजपा से सवाल पूछ रही हैं कि जिन दूसरे राज्यों में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर भाजपा ने चुनाव जीते, वहां अब एक तरफ पैसा देने में आनाकानी की जा रही है और दूसरी तरफ महिलाओं से पैसे वापस मांगे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो महिलाएं पैसा वापस नहीं कर पा रही हैं, उनके खिलाफ पुलिस, थाने और मुकदमों की कार्रवाई की जा रही है।
10 साल में दे सकते थे 50 हजार रुपये सालाना
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार आज महिलाओं को हर साल 50 हजार रुपये देने की बात कर रही है, लेकिन यदि सरकार वास्तव में महिलाओं के हित में काम करना चाहती थी तो पिछले 10 वर्षों में भी यह राशि दी जा सकती थी।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की महिलाओं के हक-अधिकार के हजारों करोड़ रुपये प्रचार पर खर्च कर दिए गए और महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित रखा गया।
“महिलाओं के हक का 96 प्रतिशत डकार गए”
अखिलेश यादव ने अपने बयान में 50 हजार रुपये सालाना के हिसाब से पिछले 10 वर्षों का हिसाब पेश करते हुए कहा कि इस अवधि में प्रत्येक महिला के हिस्से में 5 लाख रुपये बनते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब भाजपा केवल 20 हजार रुपये देने का जुमला परोस रही है।
उन्होंने कहा कि 20 हजार रुपये, 5 लाख रुपये का केवल 4 प्रतिशत है। उनके अनुसार इसका मतलब है कि महिलाओं के हिस्से का 96 प्रतिशत भाजपा सरकार ने अपने पास रख लिया।
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि “80:20 की बात करने वालों ने 96:4 करके भ्रष्टाचार का सुपर रिकॉर्ड बना दिया।”
“भाजपा पर 4.80 लाख रुपये का बकाया”
सपा प्रमुख ने कहा कि यदि भाजपा के चुनावी वादे में किए गए 15 लाख रुपये के दावे को छोड़ भी दिया जाए और भाजपा चुनाव में 20 हजार रुपये देने की घोषणा पर अमल भी कर दे, तब भी जनता का भाजपा सरकार पर 4 लाख 80 हजार रुपये का बकाया निकलता है।
उन्होंने कहा कि जनता के आक्रोश के डर से भाजपा के नेता, कार्यकर्ता, समर्थक और उनके सहयोगी अब भूमिगत हो गए हैं। यहां तक कि भाजपा से टिकट लेने के लिए भी लोग तैयार नहीं हैं।
“भाजपा के पास न नैतिकता बची, न साहस”
अखिलेश यादव ने कहा कि मंदिर में चोरी और बच्चों पर हमले जैसी घटनाओं के बाद भाजपा के पास न तो नैतिकता बची है और न ही जनता का सामना करने का साहस। इसलिए वह चुनाव में पैसे का सहारा लेने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वर्ष 2027 से महिलाओं को 40 हजार रुपये से शुरुआत की जाएगी और इस राशि में हर वर्ष बढ़ोतरी की जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं के सम्मान, अधिकार और आर्थिक मजबूती के लिए प्रतिबद्ध है और 2027 में प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों का जवाब देगी।

No Previous Comments found.