भाजपा ने देशभर में संगठन की नई टीम उतारी... 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों के प्रभारी-सह प्रभारी घोषित, यूपी की कमान विनोद तावड़े को
The BJP has deployed a new organizational team across the country, appointing co-incharges for 28 states and eight union territories, with Vinod Tawde in charge of Uttar Pradesh.
IPN Live
Lucknow, 23 Sep, 2026 05:06 PMनई दिल्ली, 23 सितंबर 2026 (आईपीएन)। भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए देश के सभी 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों के लिए प्रभारी एवं सह प्रभारियों की नई टीम घोषित कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से जारी नियुक्ति सूची में वरिष्ठ नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी राज्यों की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
भाजपा के इस संगठनात्मक फेरबदल में उत्तर प्रदेश पर विशेष फोकस नजर आता है। पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस तरह देश के सबसे बड़े राज्य के लिए प्रभारी के साथ चार सह प्रभारियों की टीम बनाई गई है।
राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्यों में भी जिम्मेदारियों का नया बंटवारा किया गया है। राम माधव को उत्तराखंड के साथ तमिलनाडु की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि डॉ. सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं हरीश द्विवेदी बिहार के साथ कर्नाटक के प्रभारी होंगे।
स्मृति ईरानी को दो राज्यों की जिम्मेदारी
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। छत्तीसगढ़ में उनके साथ सिद्धार्थ शम्भू और हरियाणा में डॉ. भोला सिंह को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
महाराष्ट्र में भाजपा उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा को प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावड़े और कमलजीत सहरावत को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। गुजरात में तरुण चुघ प्रभारी होंगे, जबकि अजय महावर और गोमती साई सह प्रभारी बनाए गए हैं। राजस्थान की जिम्मेदारी संजय भाटिया को दी गई है और उनके साथ कविता पाटीदार तथा कुलजीत चहल सह प्रभारी होंगे।
चुनावी और संगठनात्मक राज्यों में भी नई तैनाती
भाजपा ने पंजाब के लिए डॉ. सतीश पूनिया को प्रभारी बनाते हुए वीरेंद्र सचदेवा और डॉ. अलका गुर्जर को सह प्रभारी बनाया है। उत्तराखंड में राम माधव के साथ अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को जिम्मेदारी मिली है। हिमाचल प्रदेश में श्रीकांत शर्मा प्रभारी और दर्शना सिंह सह प्रभारी होंगी।
दिल्ली की संगठनात्मक जिम्मेदारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे को दी गई है। उनके साथ जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शनाबेन जरदोश सह प्रभारी होंगे। बिहार में हरीश द्विवेदी के साथ संगीता यादव और रोहन गुप्ता, जबकि असम में मंगल पांडे के साथ फांग्नोन कोन्याक और मनोज तिग्गा को जिम्मेदारी दी गई है।
दक्षिण और पूर्वोत्तर पर भी संगठन का जोर
तमिलनाडु में राम माधव के साथ निर्मल कुमार सुराणा और डी.के. अरुणा सह प्रभारी होंगे। तेलंगाना में सुनील बंसल के साथ अभय पाटिल और रेखा शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। ओडिशा में डी. पुरंदेश्वरी प्रभारी और डॉ. स्वदेश सिंह सह प्रभारी होंगे।
पूर्वोत्तर में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियों का पुनर्विन्यास किया गया है। मणिपुर में डॉ. राजदीप रॉय, मेघालय में कनाद पुरकायस्थ, मिजोरम में डॉ. भगवत कराड, नगालैंड में अनिल एंटनी और त्रिपुरा में मृगांका देव बर्मन को प्रभारी बनाया गया है।
केंद्रशासित प्रदेशों में भी नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। अंडमान एवं निकोबार में जय प्रकाश, चंडीगढ़ में महेंद्र पांडे, लद्दाख में राजकुमार भाटिया और लक्षद्वीप में जॉर्ज कुरियन को प्रभारी बनाया गया है। दादरा एवं नगर हवेली, दमन एवं दीव की जिम्मेदारी वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी को दी गई है।
भाजपा की नई सूची ऐसे समय सामने आई है जब पार्टी ने देशभर में अपने संगठनात्मक नेटवर्क के लिए जिम्मेदारियों का व्यापक पुनर्विन्यास किया है। राज्यों के प्रभारी केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश संगठन के बीच समन्वय की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। नई नियुक्तियों के साथ पार्टी ने विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का नया ढांचा तय कर दिया है।

No Previous Comments found.