विपक्ष के झूठे नैरेटिव को मुस्तैदी से बेनकाब करें सोशल मीडिया वारियर्स : धर्मपाल सिंह
Social media warriors should promptly expose the false narrative of the opposition: Dharampal Singh
IPN Live
Lucknow, 10 Sep, 2026 09:49 PMबूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को डिजिटल रूप से सशक्त करने पर जोर, तथ्यात्मक और तर्कपूर्ण जवाब के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम बनाने का आह्वान
लखनऊ, 10 सितम्बर 2026 (आईपीएन)। भारतीय जनता पार्टी सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सोशल मीडिया वारियर्स को विपक्ष के झूठे और नकारात्मक नैरेटिव का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब तथ्यों, तर्क और समयबद्ध तरीके से दिया जाना चाहिए। इसके लिए उन्होंने क्विक रिस्पॉन्स टीम गठित करने पर भी जोर दिया।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा के सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को पूरी मुस्तैदी के साथ विपक्ष के झूठे नैरेटिव को बेनकाब करना होगा। उन्होंने बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि संगठन की डिजिटल पहुंच जितनी मजबूत होगी, पार्टी की बात उतनी ही प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचेगी।
सोशल मीडिया को बनाएं निरंतर जनसंवाद का मंच
धर्मपाल सिंह ने कहा कि डिजिटल माध्यम केवल पार्टी के संदेशों को प्रसारित करने का जरिया नहीं हैं, बल्कि जनता से निरंतर संवाद का महत्वपूर्ण मंच हैं। इसलिए सोशल मीडिया को संगठन की नियमित गतिविधियों और जनसंवाद का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया के माध्यम से जनता की बात सुनने और सरकार तथा संगठन से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
विकास कार्यों और लाभार्थियों की आवाज बने सोशल मीडिया
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों एवं उपलब्धियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर हुए विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के अनुभवों और पार्टी के कार्यक्रमों को भी प्रमुखता से सामने लाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय विकास और योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों की कहानियां जनता तक पहुंचाने से सरकार के कामकाज की जानकारी अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचेगी।
भ्रामक दुष्प्रचार का तत्काल हो तथ्यात्मक प्रतिकार
धर्मपाल सिंह ने कहा कि विपक्ष के झूठे एवं नकारात्मक दुष्प्रचार का जवाब देने में देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए तथ्यात्मक, तर्कपूर्ण और समयबद्ध प्रतिक्रिया जरूरी है। उन्होंने सोशल मीडिया विभाग को ऐसी क्विक रिस्पॉन्स टीम तैयार करने का सुझाव दिया, जो किसी भी भ्रामक नैरेटिव या दुष्प्रचार के सामने आने पर तत्काल तथ्यों के साथ उसका प्रतिकार कर सके।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बूथ स्तर तक संगठन की डिजिटल सक्रियता बढ़ाना और सोशल मीडिया को जनसंपर्क के प्रभावी माध्यम के रूप में विकसित करना बेहद महत्वपूर्ण है।
धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं से सजग, सक्रिय और तथ्यपरक रहते हुए सोशल मीडिया पर संगठन की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने का आह्वान किया।
हैशटैग:

No Previous Comments found.