पीएम मोदी की 25 वर्ष की सेवा यात्रा पर यूपी में चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे जनसेवा के व्यापक कार्यक्रम
"Seva Sankalp Abhiyan" will be launched in Uttar Pradesh to commemorate PM Modi's 25-year journey of service. Extensive public service programs will be held from September 17 to October 17.
IPN Live
Lucknow, 12 Sep, 2026 07:34 PMलखनऊ, 12 सितंबर 2026 (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सत्ता की कोई वंश परंपरा या विरासत नहीं थी। उन्होंने तप, साधना, संघर्ष और देश के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छाशक्ति के बल पर अपनी पहचान बनाई। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन संयुक्त रूप से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएंगे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना साझा की। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन को प्रदेशभर में ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। ग्राम पंचायतों, नगर निकायों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।
बड़नगर और काशी के बीच निकलेंगी 20 यात्राएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़नगर से काशी तक की जीवन यात्रा को प्रतीकात्मक रूप से आगे बढ़ाते हुए 17 सितंबर को 20 यात्राएं शुरू होंगी। इनमें 10 यात्राएं बड़नगर से काशी और 10 यात्राएं काशी से बड़नगर की ओर जाएंगी। उत्तर प्रदेश की 10 प्रमुख नदियों का जल इन यात्राओं के माध्यम से गुजरात ले जाया जाएगा। यात्राएं 7 अक्टूबर को अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी और प्रतिदिन चार स्थानों पर जनसंवाद एवं चौपाल आयोजित होंगी।
762 नगर निकाय और 826 विकासखंड होंगे अभियान का केंद्र
‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत प्रदेश के 762 नगर निकायों और 826 विकासखंडों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इनमें पेंशन, आवास, शौचालय, राशन कार्ड, स्वास्थ्य सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों का पंजीकरण और सत्यापन कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। कक्षा 5 से 8 तक चित्रकला, कक्षा 9 से 12 तक निबंध लेखन तथा विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। इनकी थीम ‘आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए आत्मनिर्भर विकसित उत्तर प्रदेश’ होगी।
‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ में सामने आएगी बदलाव की तस्वीर
अभियान के तहत ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम में उन लोगों की जीवन यात्रा सामने लाई जाएगी, जिनके जीवन में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा इंफ्रास्ट्रक्चर विकास से बदलाव आया है। गांवों से लेकर शहरों, मेट्रो, एयरपोर्ट और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर तक विकास की कहानियों को जनसंवाद का हिस्सा बनाया जाएगा।
आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान
‘आंगन मिलन का सेवा’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा बहनों का सम्मान किया जाएगा। स्वस्थ बेबी प्रतियोगिता, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष आयोजन तथा कुपोषण से मुक्ति और गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने में योगदान देने वाली कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
सेवा कार्यों से जुड़ेगा जन-जन
‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत मलिन बस्तियों, घाटों, देवालयों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, मतदाता जागरूकता, ‘एक पेड़ मां के नाम’, गो सेवा और युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत ओडीओपी और एमएसएमई उत्पादों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
यूपी में 24 हजार से अधिक स्टार्टअप
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में करीब 120 स्टार्टअप थे, जबकि आज इनकी संख्या 24 हजार से अधिक हो चुकी है। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में आईटीआई, पॉलिटेक्निक, विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, स्टार्टअप और अटल टिंकरिंग लैब के विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कल्याणकारी योजनाओं को बताया बदलाव का आधार
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक और कल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखा है। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष की यात्रा में मोदी ने विकास के साथ योजनाओं की लास्ट माइल डिलीवरी पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, वॉटरवे और आधुनिक ट्रेनों के विस्तार ने भारत की विकास गति को नई दिशा दी है। शिक्षा के क्षेत्र में एम्स, आईआईटी, आईआईएम और अन्य विश्वस्तरीय संस्थानों का विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि जनधन खातों और डीबीटी ने बिचौलियों की भूमिका को समाप्त कर सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने का काम किया है। स्टार्टअप इकोसिस्टम ने युवाओं को जॉब सीकर के बजाय जॉब क्रिएटर बनने का अवसर दिया है।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ से पहुंचेगा 25 वर्ष की सेवा का संदेश
अभियान के तहत प्रत्येक जनपद में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। प्रमुख चौराहों पर प्रधानमंत्री की 25 वर्ष की सेवा यात्रा और विकास कार्यों से जुड़ी कहानियां प्रदर्शित की जाएंगी। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन भी सुनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती और 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के कार्यक्रमों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की सेवा यात्रा में अंत्योदय और ग्राम स्वराज की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ हर गांव, हर बूथ, हर शक्ति केंद्र, हर विकासखंड और हर जनपद तक पहुंचेगा और इसमें प्रदेश की जनता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
हैशटैग:
#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #IPNLIVE #IPNNEWS #IPN #YogiAdityanath #NarendraModi #SevaSankalpAbhiyan #SevaDiwas #UttarPradesh #BJP #ViksitBharat #AtmanirbharBharat

No Previous Comments found.