स्कूलों की बदहाली पर योगी सरकार को संजय सिंह ने घेरा, बोले- ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ के दबाव में हुई ₹604 करोड़ की घोषणा
Sanjay Singh criticized the Yogi government over the poor condition of schools, saying the ₹604 crore announcement was made under pressure from the "School Fix Karo Abhiyan."
IPN Live
Lucknow, 26 Aug, 2026 02:38 AMलखनऊ, 25 अगस्त 2026 (आईपीएन)। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को लखनऊ में प्रेस वार्ता कर उत्तर प्रदेश की बेसिक शिक्षा व्यवस्था, स्कूलों के मर्जर और सरकारी स्कूलों की बदहाली को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सवाल उठाने वालों पर मुकदमे दर्ज कराकर स्कूलों की वास्तविक स्थिति छिपाने का प्रयास कर रही है।
संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ के दबाव में सरकार ने बेसिक स्कूलों के कायाकल्प के लिए ₹604 करोड़ खर्च करने की घोषणा की है। उन्होंने इसे अभियान की जीत बताते हुए कहा कि केवल घोषणा से काम नहीं चलेगा, बल्कि जर्जर स्कूलों में वास्तविक सुधार दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने केंद्र के ‘समग्र शिक्षा अभियान’ के तहत मिले करीब ₹9,000 करोड़ का इस्तेमाल नहीं किया और राशि वापस भेज दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शिक्षा के लिए धन उपलब्ध था तो प्रदेश के बच्चे टूटे क्लासरूम, बिजली-पंखे, बाउंड्री और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी से क्यों जूझ रहे हैं।
स्कूल मर्जर और U-DISE पर सवाल
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि विधानसभा में सरकार ने स्कूल बंद या मर्ज नहीं करने की बात कही थी, लेकिन ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ के दौरान जब जर्जर स्कूलों की तस्वीरें सामने आईं तो प्रशासन ने उन्हें मर्ज किए जाने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि U-DISE पोर्टल पर कई स्कूल अभी भी पुराने पते पर संचालित दिख रहे हैं, जिससे सरकारी दावों पर सवाल खड़े होते हैं।
संसद की याचिका समिति में शिकायत
आप सांसद ने कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों की बदहाली, मिड-डे मील में कथित अनियमितताओं और शिक्षा के लिए मिले धन के इस्तेमाल से जुड़े मामलों को लेकर संसद की याचिका समिति में शिकायत की है। उन्होंने हरदोई के डीएम सहित विभिन्न जिलों के अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए और मामले की जांच की मांग की।
एक महीने तक जारी रहेगा अभियान
संजय सिंह ने कहा कि अब आम आदमी पार्टी अगले एक महीने तक प्रदेश के सभी जिलों में जर्जर स्कूलों की सूची तैयार करेगी। पार्टी कार्यकर्ता स्कूलों की स्थिति, शौचालय, बाउंड्री, मिड-डे मील और अन्य समस्याओं की लिखित शिकायत बीएसए, शिक्षा निदेशक और मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि यदि एक महीने में सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ तो पार्टी दोबारा जमीनी स्तर पर जाकर सरकार की स्थिति उजागर करेगी।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं पर दर्ज एफआईआर को भी राजनीतिक कार्रवाई बताया। संजय सिंह ने कहा कि सच्चाई सामने लाने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमों की कानूनी लड़ाई पार्टी लड़ेगी और स्कूलों की बदहाली के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिए जाएंगे।
महंगाई, रोजगार और आरक्षण पर भी हमला
प्रेस वार्ता में संजय सिंह ने महंगाई, रोजगार और आरक्षण के मुद्दे पर भी प्रदेश सरकार और भाजपा को घेरा। उन्होंने जौनपुर के लेखपाल अशोक यादव के निलंबन को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि महंगाई पर सवाल उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई निंदनीय है।
उन्होंने दावा किया कि बेसिक शिक्षा विभाग में दो लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली हैं और चुनाव के समय सरकार रोजगार के बड़े दावे कर रही है।
आरक्षण के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि आरक्षण संविधान से मिला अधिकार है और इसे समाप्त करने या कमजोर करने का किसी को अधिकार नहीं है। उन्होंने 69,000 शिक्षक भर्ती में पिछड़े और दलित वर्ग के आरक्षण से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई सड़क से संसद तक जारी रहेगी।
#ipnlive #ipnnews #ipn #UttarPradesh #SanjaySingh #AAP #SchoolTheekKaroAbhiyan #BasicEducation #SchoolEducation #YogiGovernment #Education #Reservation

No Previous Comments found.