सपा का ‘प्रण पत्र’ नहीं, जनता को छलने का ‘ढकोसला पत्र’ है : भाजपा
SP's letter is not a 'pledge letter', but a 'sham letter' to deceive the public: BJP
IPN Live
Lucknow, 27 Nov, 2026 03:39 PMलखनऊ, 26 नवंबर 2026 (आईपीएन)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी द्वारा जारी ‘प्रण पत्र’ को ‘ढकोसला पत्र’ बताते हुए कहा कि जनता समाजवादी पार्टी के किसी भी वायदे पर भरोसा नहीं करेगी। जनता विश्वास उन्हीं के वायदों पर करती है, जिनका रिकॉर्ड साफ-सुथरा और जनहित के कार्यों में अच्छा रहा हो। समाजवादी पार्टी का इतिहास भय, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, अराजकता और तुष्टिकरण की राजनीति का रहा है। सत्ता में रहते हुए सपा ने उत्तर प्रदेश को जिस अराजकता और भय के वातावरण में धकेला था, उसे प्रदेश की जनता आज भी भूली नहीं है।
पंकज चौधरी ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश की जनता को छलने का लूटपत्र, धोखापत्र और भ्रमपत्र है। हर चुनाव से पहले सपा भ्रम और फरेब का पुलिंदा लेकर जनता के सामने आती है। उसे पता है कि न उसकी सरकार बनने वाली है और न ही उसके वायदे जमीन पर उतरने वाले हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2012 में भी समाजवादी पार्टी ने बड़े-बड़े वायदे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता के हितों के बजाय अपनी तिजोरियां भरने का काम किया। प्रदेश को दंगों, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और अपराध की आग में झोंक दिया गया। दलितों, पिछड़ों, महिलाओं और युवाओं के साथ अन्याय हुआ। सपा शासनकाल में दलित बस्तियों पर हमले हुए, दलित महापुरुषों का अपमान किया गया और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्तियों को क्षति पहुंचाई गई। अखिलेश यादव को आज संविधान और सामाजिक न्याय की बातें करने से पहले अपने शासनकाल के इन कृत्यों पर जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जिन आजम खां के साथ गलबहियां करके संविधान की दुहाई दे रहे थे, उन्हीं आजम खां ने बाबा साहेब के प्रति अपमानजनक टिप्पणियां की थीं। सपा प्रमुख को पहले उन घटनाओं पर माफी मांगनी चाहिए। समाजवादी पार्टी के शासनकाल में कानून-व्यवस्था ध्वस्त थी, महिलाओं की सुरक्षा खतरे में थी और अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था। प्रदेश की जनता सपा शासनकाल के भय और असुरक्षा के वातावरण को आज भी याद करती है।
पंकज चौधरी ने कहा कि निवेश और रोजगार को लेकर बड़े-बड़े दावे करने वाले अखिलेश यादव को अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। उनके कार्यकाल में उत्तर प्रदेश निवेशकों के भरोसे का केंद्र नहीं बन पाया। निवेश के लिए अनुकूल वातावरण, कानून-व्यवस्था और उद्योगों के विकास की प्राथमिकता उनकी सरकार में नदारद थी। आज निवेश और विकास की बातें करने वाले अखिलेश यादव बताएं कि उनके शासनकाल में प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के कितने अवसर सृजित हुए।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को संकट में डालने वाली समाजवादी पार्टी आज किसान हितैषी होने का दिखावा कर रही है। सपा शासन में किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय बिचौलियों और दलालों के तंत्र को बढ़ावा मिला। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, सम्मान और सुरक्षा देने में सपा सरकार विफल रही। आज किसानों के नाम पर बड़े-बड़े वायदे करना केवल राजनीतिक छलावा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय समाजवादी पार्टी के शासनकाल में अपराध और अराजकता का माहौल मिला। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ। पांच वर्षों में 25 लाख रोजगार देने का वायदा केवल चुनावी जुमला है। प्रदेश का युवा सपा के झूठे वायदों और पुराने कारनामों को भलीभांति जानता है।
पंकज चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहे एक नहीं, 75 प्रण पत्र जारी कर ले, उत्तर प्रदेश की जनता उसके छल, धोखे और भ्रष्टाचार की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। प्रदेश की जनता विकास, सुशासन, सुरक्षा और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्ध सरकार पर भरोसा करती है। उत्तर प्रदेश में जनता एक बार फिर समाजवादी पार्टी को नकार कर प्रदेश में सुशासन और विकास के लिए संकल्पबद्ध भाजपा को तीसरी बार सरकार बनाने का जनादेश देगी।
#PankajChaudhary #SamajwadiParty #AkhileshYadav #SPManifesto #UPPolitics #UttarPradesh #BJP #PoliticalNews #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.