सपा ने बीएलओ और सुपरवाइजरों की नियुक्ति में पक्षपात का लगाया आरोप, चुनाव आयोग को सौंपा ज्ञापन, जांच की मांग
SP alleges bias in the appointment of BLOs and supervisors, submits memorandum to Election Commission, demands investigation
IPN Live
Lucknow, 6 Aug, 2026 07:49 PMलखनऊ (IPN)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश की विधानसभाओं में बीएलओ (BLO) एवं सुपरवाइजरों की नियुक्ति में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि प्रदेश की 403 विधानसभा क्षेत्रों में 1,77,516 मतदेय स्थलों पर तैनात बीएलओ और सुपरवाइजरों को जाति और धर्म के आधार पर बदला जा रहा है। सपा का दावा है कि यह कार्रवाई भाजपा सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों के दबाव में की जा रही है, जिससे आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है।
पार्टी ने विशेष रूप से कानपुर की 214-आर्यनगर विधानसभा का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि वहां नियुक्त बीएलओ और सुपरवाइजरों को बिना पूर्व सूचना और बिना कारण बताए हटाया जा रहा है तथा उनके स्थान पर अन्य लोगों की नियुक्ति की जा रही है।
सपा ने यह भी कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार बीएलओ की विधानसभावार सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जानी चाहिए, लेकिन इसका पालन नहीं किया जा रहा है। पार्टी ने मांग की है कि प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त बीएलओ और सुपरवाइजरों की सूची तत्काल राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाए तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
यह ज्ञापन मुख्य निर्वाचन अधिकारी को के.के. श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह और राधेश्याम सिंह ने सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।

No Previous Comments found.