SACHIN PILOT ने कहा : ईडी की नोटिस राजनीतिक हथकंडा, राहुल गांधी के साथ हम सत्याग्रह करेंगे
डिप्टी सीएम सचिन पायलट लखनऊ में कहा कि राहुल गांधी के साथ हम सत्याग्रह करेंगे। ईडी की नोटिस विशुद्ध रूप से राजनीतिक हथकंडा, जनता के मुद्दे पर कोई बात नहीं।
IPN Live
Lucknow, 12 Jun, 2022 04:28 PMलखनऊ, 12 जून 2022 (आईपीएन)। राजस्थान सरकार के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने रविवार को लखनऊ के कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की जांच पर सवाल उठाए। पायलट ने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी को भेजी गई नोटिस विशुद्ध रूप से राजनीतिक हथकंडा है। 13 जून को हम राहुल गांधी के साथ ईडी ऑफिस के बाहर तक सत्याग्रह करेंगे। सचिन ने कहा कि, केंद्र की सरकार को अपनी जवाबदेही तय करनी पड़ेगी। आठ साल हो गए आज अगर पूछा जाए कि महंगाई क्यों बढ़ रही है तो मनमोहन सिंह पर, रूस पर, यूक्रेन पर डाल देंगे। उन्होंने कहा कि न हम डरने वाले हैं ना पीछे हटने वाले हैं हम सड़क से लेकर संसद तक जवाब देंगे।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या सरासर झूठ बोल रहे हैं। जिस कंपनी का जो लेखा-जोखा है सब जनता के सामने है। एजेंसी का दुरुपयोग करके एक छवि बनाई जा रही है। विगत 6-7 सालों में अगर किसी ने मोदी को सीधी चुनौती दी है तो वो राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने। देश में कितने ज्वंलत मुद्दे हैं महंगाई बढ़ रही है। बेरोजगार, किसान परेशान हैं और सत्ता दलवाले जवाब देने को तैयार नहीं है। देश में जुडिशरी ब्यूरोक्रेसी और एजेंसी का दुरुपयोग हो रहा है। नेताओं पर आरोप-प्रत्यारोप लगाया जा रहा है, उनको डराया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 130 करोड़ लोग देख रहे हैं कि कौन सच बोल रहा है और कौन झूठ ये सबके सामने आ जाएगा। कल 13 जून का दिन बहुत महत्वपूर्ण है कल का दिन साक्षी होगा कि विपक्ष की आवाज को किस तरह से दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कल एआईसीसी कार्यालय से राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के तमाम सीनियर लीडर निकलेंगे।
सचिन पायलट ने कहा कि, हम सब जानते है हाल में अनेक राज्यों में राज्यसभा के चुनाव हुए। राजस्थान में हमारे तीनों उम्मीदवार जीते है। जो परिणाम आए कहीं न कहीं कांग्रेस के लिए संतोष जनक है। भारत की सबसे पसंदीदा एजेंसी है ईडी उसके सामने राहुल गांधी कल पेश होंगे।

No Previous Comments found.