2027 की तैयारी में जुटा RLD, 30 अगस्त को लखनऊ में जयंत चौधरी करेंगे संगठन की रणनीति पर मंथन
RLD is preparing for 2027, Jayant Chaudhary will discuss the organization's strategy in Lucknow on August 30.
IPN Live
Lucknow, 27 Aug, 2026 06:24 PMलखनऊ, 27 अगस्त 2026 (आईपीएन)। राष्ट्रीय लोकदल ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह 30 अगस्त को लखनऊ पहुंचेंगे। गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर मंथन किया जाएगा।
आरएलडी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने प्रदेश मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में बताया कि बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और प्रदेश के सभी क्षेत्रों में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा होगी। चौधरी जयंत सिंह कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक दिशा और संगठनात्मक रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण संदेश देंगे।
कई प्रमुख चेहरों के RLD में शामिल होने का दावा
अनुपम मिश्रा ने कहा कि पार्टी समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ने के अभियान में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि 30 अगस्त को ब्राह्मण समाज के साथ-साथ सवर्ण समाज के कई प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक चेहरे अपने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ पहुंचेंगे। पार्टी का दावा है कि इन नए चेहरों के जुड़ने से संगठन का सामाजिक आधार और मजबूत होगा।
युवाओं पर RLD का फोकस
अनुपम मिश्रा ने कहा कि चौधरी जयंत सिंह की युवाओं और Gen-Z को लेकर स्पष्ट सोच पार्टी के संगठनात्मक बदलावों में भी दिखाई दे रही है। नई पीढ़ी को राजनीति में आगे बढ़ाने और युवाओं को संगठन में जिम्मेदारी देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में क्षेत्रीय अध्यक्षों की बैठक में लिखित परीक्षा भी कराई गई। उनके मुताबिक संगठन में पद केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और जवाबदेही का विषय है।
प्रदेशभर में संगठन विस्तार का दावा
आरएलडी नेता ने कहा कि पार्टी अब केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है। पूर्वांचल, मध्यांचल, बुंदेलखंड और प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी संगठन को मजबूत किया जा रहा है। आने वाले दिनों में सदस्यता अभियान, कार्यकर्ता सम्मेलन और संगठनात्मक कार्यक्रमों को और गति दी जाएगी।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कहा कि 30 अगस्त के कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचेंगे।
अनुपम मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल 2027 के लिए पूरी ताकत के साथ तैयार हो रहा है और पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में मजबूत, सक्रिय एवं जिम्मेदार संगठन खड़ा करना है।
प्रेस वार्ता में वरिष्ठ नेता रजनीकांत मिश्रा, रमावती तिवारी, पी.के. पाठक, राम गोपाल चंदेल सहित पार्टी के प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#ipnlive #ipnnews #ipn #RLD #JayantChaudhary #RashtriyaLokDal #UPPolitics #Lucknow #UPAssemblyElection2027 #Mission2027 #UttarPradesh

No Previous Comments found.