वंदे मातरम् पर सियासत ठीक नहीं, जनहित के मुद्दों पर ध्यान दें सरकारें : मायावती
Politics over Vande Mataram is not right, governments should focus on issues of public interest: Mayawati
IPN Live
Lucknow, 21 Aug, 2026 07:12 PMलखनऊ, 21 अगस्त (आईपीएन)। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने वंदे मातरम् के गायन को लेकर देश में चल रही राजनीतिक बहस पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इस मुद्दे पर राजनीति करना उचित नहीं है।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि वंदे मातरम् को पूरा गाना है, शुरुआती दो छंद गाने हैं या नहीं गाना है, इसे लेकर जिस तरह की राजनीति चल रही है, वह ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् गायन को लेकर हाल में संसद में जो कानून पास किया गया है, ऐसा बदलाव पहली बार नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्यों में सत्ता परिवर्तन के दौरान राजनीतिक दल अपने स्वार्थ या फायदे के हिसाब से अथवा अपनी कमियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए एक-दूसरे के बनाए कानूनों में बदलाव करते रहते हैं।
मायावती ने कहा कि इस समय देश और जनहित से जुड़े कई गंभीर मुद्दे हैं, जिन पर सरकारों और राजनीतिक दलों को समुचित ध्यान देना चाहिए। खासकर बेरोजगार युवाओं, छात्र-छात्राओं, जेन-जी और स्कूली बच्चों की जेन-अल्फा पीढ़ी से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ देश के कुछ हिस्सों में आई भयंकर बाढ़ से हो रही जान-माल की क्षति पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने केंद्र एवं सभी राज्य सरकारों तथा सभी राजनीतिक दलों से इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश और जनहित की यही सबसे जरूरी मांग है।
#मायावती #वंदे_मातरम् #बसपा #BSP #जनहित #बेरोजगारी #युवा #छात्र #बाढ़ #देशहित #राजनीति #उत्तरप्रदेश #लखनऊ #ipnlive #ipnnews #ipn

No Previous Comments found.