पंकज चौधरी ने भाजपा मुख्यालय पर किया झंडारोहण, बोले: भाजपा की स्थापना सत्ता के लिए नही, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए हुई
Pankaj Chaudhary hoisted the flag at the BJP headquarters and said: The BJP was founded not for power, but for service to the nation.
IPN Live
Lucknow, 28 Jan, 2026 02:04 AMलखनऊ, (आईपीएन)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर पार्टी के राज्यमुख्यालय पर झंडारोहण किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह उपस्थित रहे। श्री चौधरी ने देश के 77 वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस एक तिथि नही बल्कि हमारे देश की संवैधानिक व्यवस्था की मजबूती के संकल्प तथा अमर बलिदानियों के बलिदान को स्मरण करने का दिन है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ और हमारा देश गणतंत्र बना। हमारे पूर्वजों ने जिस भारत के लिए बलिदान दिया, उनके सपनों के भारत की आत्मा भारत का संविधान है। उन्होंने कहा कि 11 वर्षों से अधिक समय से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार एवं लगभग 9 वर्षों से उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा सरकार संविधान की मूल भावना के अनुरूप काम कर रही है। मोदी के नेतृत्व में जहां एक ओर गरीबों को मूलभूत सुविधाएं देकर उनका सशक्तिकरण किया है तो वहीं दूसरी ओर देश का विश्व में मान भी बढ़ाया है। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद से देश की सांस्कृतिक आभा से विश्व आलोकित हुआ है। वहीं साइंस व टेक्नालॉजी को बढ़ावा देकर चन्द्रमा के साउथ पोल पर सफल लैडिंग की है, जो पहले कोई और देश नही कर पाया।
श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा की स्थापना सत्ता के लिए नही, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए हुई और विगत 11 वर्षों से अधिक समय में भाजपा सरकार की योजनाओं में यह स्पष्ट दिखता भी है। आज के दिन में सभी क्रान्तिकारियों, स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करता हूं। भारत की थल, जल, वायु सेना के प्रति अपने कृतज्ञता व्यक्त करता हूं, जिनके बलिदानों से हमारे देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। इसके साथ ही अर्धसैनिक बलों एवं पुलिस फोर्स का भी अभिनंदन करता हूं जिनके अथक परिश्रम से ही देश की आन्तरिक सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
श्री पंकज चौधरी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में संविधान को और मजबूती मिली है। मोदी काल में जो भी संशोधन हुए हैं वो संविधान की मूल अवधारणा के अनुकूल और राष्ट्र हित में रहे हैं। उदाहरणस्वरूप एक देश-एक कर, ईडब्ल्यूएस रिजर्वेशन, एक देश-एक विधान के संकल्प के साथ जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति, महिलाओं को आरक्षण जैसे ऐतिहासिक निर्णयों से सशक्त राष्ट्र के रूप में भारत की छवि बनी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने संविधान और संवैधानिक परम्पराओं को मजबूती देने का काम किया है। संविधान की मूल आत्मा को ध्येय मानकर मोदी सरकार ने सरकार की प्रत्येक योजना सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के लिए समर्पित की है।
संविधान में निहित न्याय, समानता और बंधुत्व का भाव ही भारत की आत्मा है
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान की गरिमा, लोकतंत्र की शक्ति और राष्ट्र सेवा के दायित्व का स्मरण कराता है। संविधान में निहित न्याय, समानता और बंधुत्व का भाव ही भारत की आत्मा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश संवैधानिक आदर्शाे के मार्ग पर चलते हुए आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी से स्वावलम्बी भारत और भारत की सर्वांगीण उन्नति के संकल्प को सिद्ध कर रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान का स्मरण कराने के साथ हमें संविधान के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। राष्ट्रीय पर्व हमें आत्मचिन्तन के साथ महान देशभक्तों के सपनों एवं लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रतिबद्ध होने की प्रेरणा देते है। उन्होंने गणतंत्र दिवस पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी मिलकर संविधान के सम्मान व सशक्त तथा विकसित भारत के प्रयासों में अपना योगदान करें।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष कान्ता कर्दम, बृज बहादुर, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, संजय राय, रामप्रताप चौहान, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह, अर्चना मिश्रा, प्रदेश मीडिया ंसहप्रभारी हिमांशु दुबे, प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, प्रदेश मुख्यालय सहप्रभारी अतुल अवस्थी व चौधरी लक्ष्मण सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.