संविधान गौरव दिवस के बहाने बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों से साधेगी सामाजिक संवाद

On the occasion of Constitution Pride Day, the BJP will spread the thoughts of Baba Saheb to the people and will foster social dialogue through state-wide programmes.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 25 Nov, 2026 03:40 PM
संविधान गौरव दिवस के बहाने बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों से साधेगी सामाजिक संवाद

लखनऊ में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे प्रबुद्ध जनसंवाद, सांसदों को उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रों से संवाद की जिम्मेदारी

प्रदेश के सभी जिलों में संविधान की प्रस्तावना का होगा सामूहिक पाठ, संविधान प्रदर्शनी और झांकियों के जरिए बाबा साहेब के योगदान को बनाएगी जनचर्चा का विषय

लखनऊ, 25 नवंबर 2026 (आईपीएन)। संविधान गौरव दिवस के जरिए भारतीय जनता पार्टी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों, संविधान के मूल्यों और सामाजिक न्याय के संदेश को प्रदेशव्यापी स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी में है। 26 नवंबर को होने वाले आयोजनों को पार्टी ने केवल स्मरण दिवस तक सीमित न रखते हुए प्रबुद्ध वर्ग, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद के अवसर के रूप में तैयार किया है। राजधानी लखनऊ से लेकर प्रदेश के सभी जिलों और उच्च शिक्षण संस्थानों तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के जरिए भाजपा संविधान और बाबा साहेब के योगदान को केंद्र में रखकर सामाजिक संवाद को व्यापक बनाने का प्रयास करेगी।

राजधानी के भागीदारी भवन में गुरुवार को आयोजित होने वाले प्रबुद्ध जनसंवाद में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के साथ संविधान प्रदर्शनी और संविधान पर आधारित झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनके माध्यम से बाबा साहेब के संविधान निर्माण में योगदान और उनके विचारों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री एवं अभियान प्रभारी दिलीप पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा वर्ष 2015 से प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस मना रही है। पार्टी का उद्देश्य संविधान के महत्व, उसके मूल्यों और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों पर व्यापक चर्चा करते हुए उनके अतुलनीय योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पार्चन किया जाएगा और संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ होगा। इसके जरिए संविधान के मूल आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

भाजपा ने इस अभियान को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने की भी रणनीति बनाई है। पार्टी के सांसद 26 से 29 नवंबर के बीच उच्च शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान बाबा साहेब के संविधान निर्माण में योगदान, उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा की जाएगी।

राजनीतिक दृष्टि से भाजपा का यह प्रदेशव्यापी आयोजन संविधान, सामाजिक न्याय और बाबा साहेब की विरासत को व्यापक सामाजिक विमर्श से जोड़ने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। खास तौर पर प्रबुद्ध वर्ग, युवाओं और शिक्षण संस्थानों को संवाद से जोड़ने की पहल के जरिए पार्टी इन विषयों पर अपनी पहुंच और जनसंपर्क का दायरा बढ़ाने की कोशिश करेगी।

#ConstitutionDay #SamvidhanGauravDiwas #DrBRAmbedkar #BabasahebAmbedkar #SocialJustice #ConstitutionOfIndia #BJP #BJPUttarPradesh #Lucknow #UttarPradeshPolitics #PoliticalNews #IndianPolitics #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.