ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- 2027 में सपा का सत्यानाश तय
Om Prakash Rajbhar launched a scathing attack on Akhilesh Yadav, saying the SP will be doomed in 2027.
IPN Live
Lucknow, 20 Nov, 2026 12:27 AMलखनऊ, 19 नवम्बर 2026 (आईपीएन)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश यादव को निशाने पर लिया और रोड शो के दौरान 13 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत का मामला उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि मित्र अखिलेश यादव जी, करा आए बेइज्जती गोरखपुर में? कर लिया सड़कों पर तांडव? इसी तांडव के बीच गोरखपुर में आपके लोगों के कारण एक मासूम की जान चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि रोड शो में शामिल बुलडोजर की चपेट में आने से 13 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत हुई है।
उन्होंने मांग की कि आर्यवर्धन की मौत के मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और जो भी लोग इसमें शामिल हों, उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। राजभर ने अखिलेश यादव पर इस घटना को लेकर दुख और संवेदना व्यक्त नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें स्वतंत्रता सेनानियों की जाति खोजने का समय मिल गया, लेकिन एक मासूम की मौत पर संवेदना जताने का समय नहीं मिला।
राजभर ने आगे लिखा कि बुलडोजर सबके बस की बात नहीं है। पूरा प्रदेश जानता है कि समाजवादी पार्टी के लोग अव्यवस्था, अराजकता और उद्दंडता के अलावा कुछ नहीं कर सकते। उन्होंने अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे पर भी तंज कसते हुए कहा कि वह महायोगी गुरु गोरखनाथ के मंदिर नहीं गए और न ही गीता प्रेस जाकर भगवद्गीता खरीदी।
उन्होंने अखिलेश यादव की राजनीतिक गतिविधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि रोड शो में कांग्रेस का झंडा और बैनर भी लहरवा देते, ताकि यह याद रहता कि वह इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं।
राजभर ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए लिखा कि बार-बार समझाने के बावजूद उन्हें और उनके समर्थकों को बात समझ में नहीं आती। उन्हें लोफरों की संगत छोड़कर बड़े-बुजुर्गों से ज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा नहीं किया तो 2027 में समाजवादी पार्टी का सत्यानाश तय है।
#ओमप्रकाशराजभर #अखिलेशयादव #गोरखपुर #आर्यवर्धन #समाजवादीपार्टी #सुभासपा #उत्तरप्रदेशराजनीति #UPPolitics #UPNews #PoliticalNews #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.