नारायण दत्त तिवारी एक व्यक्ति नहीं, संस्था और एक युग थे: सतीश महाना

Narayan Dutt Tiwari was not a person, he was an institution and an era: Satish Mahana

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 14 Oct, 2026 01:44 AM
नारायण दत्त तिवारी एक व्यक्ति नहीं, संस्था और एक युग थे: सतीश महाना

जन्म शताब्दी समारोह में विधानसभा अध्यक्ष ने किया विकास पुरुष को याद, बोले— उनके 30,872 वक्तव्य नई पीढ़ी के लिए संसदीय ज्ञान का खजाना

लखनऊ, 13 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने पूर्व मुख्यमंत्री पं. नारायण दत्त तिवारी को विकास और सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पित राजनेता बताते हुए कहा कि वह केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक संस्था और एक युग थे। उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व और प्रशासनिक क्षमता से विकास की मजबूत नींव रखी, जिसकी छाप आज भी दिखाई देती है।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मुख्य सभागार में आयोजित पं. नारायण दत्त तिवारी जन्म शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सतीश महाना ने कहा कि तिवारी का संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित रहा। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के साथ केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया।

30,872 वक्तव्य उनकी संसदीय समझ का प्रमाण

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पं. नारायण दत्त तिवारी की प्रशासनिक क्षमता के साथ लोगों से जुड़ने की योग्यता भी असाधारण थी। उन्होंने विधानसभा की गरिमा को सदैव महत्व दिया। विधानसभा में दिए गए उनके 30,872 वक्तव्य उनके व्यापक संसदीय अनुभव और विभिन्न विषयों पर मजबूत पकड़ को दर्शाते हैं।

महाना ने नई पीढ़ी को सलाह दी कि वह विधानसभा के ऐप पर उपलब्ध तिवारी के वक्तव्यों का अध्ययन करे और उनके अनुभवों से सीखने का प्रयास करे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में काम करने वाले लोगों को अपने कार्यों से ऐसी पहचान बनानी चाहिए, जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखें।

व्यक्ति के काम से बनती है संस्था की पहचान

सतीश महाना ने कहा कि संस्थाएं निरंतर चलती रहती हैं, लेकिन उनसे जुड़े व्यक्तियों के कार्य उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाते हैं। किसी एक व्यक्ति की कमियों के आधार पर पूरी संस्था का मूल्यांकन नहीं किया जा सकता। हर क्षेत्र में अलग-अलग प्रकृति के लोग होते हैं, लेकिन संस्थाओं की गरिमा और उनका महत्व बना रहता है।

विधानसभा को आधुनिक बनाने के प्रयासों की सराहना

समारोह में पूर्व मंत्री अम्मार रिजवी ने सतीश महाना के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने देश और विदेश में उत्तर प्रदेश विधानसभा की पहचान को मजबूत किया है। उन्होंने विधानसभा को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और प्रभावी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।

सार्वजनिक जीवन के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे तिवारी

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने पं. नारायण दत्त तिवारी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। उन्होंने कहा कि तिवारी का जीवन सार्वजनिक जीवन में सक्रिय लोगों के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

समारोह में पूर्व मुख्य सचिव अतुल गुप्ता, पूर्व मंत्री अम्मार रिजवी, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. सी.एम. सिंह और पूर्व संपादक नवीन जोशी सहित अनेक विशिष्टजन उपस्थित रहे।

#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #NarayanDuttTiwari #SatishMahana #UPAssembly #UttarPradesh #LucknowNews #BirthCentenary #PublicService #PoliticalHistory

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.