चुनौतियों को अवसर में बदलने में माहिर हैं मोदी : डॉ दिनेश शर्मा
Modi is adept at turning challenges into opportunities: Dr Dinesh Sharma
IPN Live
Lucknow, 18 Jun, 2026 03:44 AMलखनऊ, (IPN)। राज्यसभा सांसद एवं यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा ने कहा कि भारत के समग्र विकास की अवधारणा साकार होने लगी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष का कार्यकाल भारत के विकास की असाधारण कथा है। भारत के नवनिर्माण की जो यात्रा उनके नेतृत्व में 2014 में आरंभ हुई थी उसकी गति लगातार बढ रही है। पीएम मोदी के कार्यकाल में विकास की गति लगातार तेज हुई है। 12 साल की यात्रा में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढा है। बुलेट ट्रेन का सपना भी साकार होने जा रहा है।
नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे अधिक लंबा कार्यकाल विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर एसoआरo ग्रुप इंस्टीट्यूट, सीतापुर रोड, लखनऊ में जिला लखनऊ भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सांसद ने कहा कि पीएम मोदी चुनौतियों से कभी घबराते नहीं हैं बल्कि उन्हे अवसर में बदलते हैं। अपनी इसी विशेषता के चलते ही वे मुख्यमंत्री अथवा पीएम रहते कभी भी पराजित नहीं हुए। निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लम्बे कार्यकाल के रिकार्ड के बाद आने वाले समय में देश के सबसे लम्बे समय तक पीएम रहने का रिकार्ड भी उन्ही के नाम पर होगा।
डा शर्मा ने कहा कि एक ओर एनडीए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लगातार जीत रहा है वहीं कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में लगातार पराजित हो रही है। उनकी हार का कारण नकारात्मक राजनीति करना है। ये चुनौतियों को अवसर में बदलने का समय है और चुनौतियों को अवसर में बदलकर ही भाजपा ने बंगाल में प्रचंड जीत हासिल की है। कोरोना के समय में दूसरे देशों को भी भारत ने वैक्सीन भेजी थी। अब भारत कमजोर नहीं बल्कि मजबूत राष्ट्र बनकर उभरा है।
सांसद ने कहा कि पिछले 12 साल में देश का स्वरूप ही बदल गया है। देश की प्रगति और तरक्की का नया इतिहास लिखा गया है। सडकें पुल , एक्सप्रेस वे ,आधुनिक रेल स्टेशन हवाई अड्डे आदि विकास की यात्रा की गवाही दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश भी तेजी से आगे बढा है। देश तेजी से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ रहा है।
भाजपा सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार सबका साथ सबका विकास के मंत्र पर चल रही है। देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए कार्य हो रहा है।
भाजपा कठिन दौर से गुजर कर विराट स्वरूप में सामने आई है। जिस दल में पुराने लोगों का सम्मान नहीं है वह आगे नहीं बढ सकता है। पुराने लोगों के योगदान को याद करने से आत्मबल में वृद्धि होती है।
पीएम से अपनी पहली मुलाकात की चर्चा करते हुए कहा कि वे संगठन के लिए पूरी तरह से समर्पित है और पहली मुलाकात में भी उन्होंने सिर्फ संगठन से जुडी चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि जेवर का एयरपोर्ट आरंभ हो गया है। यहा से पहली उडान में विकास की इस यात्रा में सहभागी रहे किसानों ने यात्रा की है। बदलते भारत के गवाही अन्नदाता ने दी है।
उन्होंने कहा कि मुम्बई की आतंकवादी घटना के समय में कांग्रेस की सरकार ने पाकिस्तान को कोई जवाब नहीं दिया था पर पीएम मोदी के समय में पाकिस्तान को घर में घुसकर मारा गया । पहले आतंकियों के कारण आम लोगों के घरों में मातम होता था पर पीएम मोदी की एक कार्रवाई के चलते पाक आतंककियों के सरगना के घर में मातम मनाने की नौबत आ गई। आतंकवाद के ख़िलाफ़ मोदी सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है।
कश्मीर के लोगो को भी प्रधानमंत्री का विकास माडल पसंद आने लगा है और वे उनके मुरीद हो गए हैं। अब तो गुलाम कश्मीर भी भारत के साथ आना चाहता है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की सरकारें अपराधियों को संरक्षण दिया करती थीं। जो लोग कल तक ब्राह्मण की तमाम तरह से आलोचना और उत्पीड़न करते थे भारतीय संस्कृति का उपहास उड़ाते थे वे आज उसी ब्राह्मण देवता से वोट के लालच में टीका करा रहे हैं। और मंदिर का निर्माण करवा कर घंटा घड़ियाल बजा रहे हैं ये लोगों को जातियों में बांटने का काम करते है अगड़ा, पिछड़ा, दलित अर्थात सनातन के मानने वालों की एकजुटता इन्हे रास नहीं आती है। इनका नामधारी पीडीए गठजोड़ सनातन विरोधी है। विपक्ष जान ले कि जनता अब इनके बहकावे में नहीं आने वाली है और एकजुट होकर मोदी जी की 12 साल की यात्रा को और आगे लेकर जाएगी।
विपक्ष के परिवारवाद पर कडा प्रहार करते हुए कहा कि इन दलों में क्या परिवार के बाहर कोई काबिल नेता नहीं था। पीएम मोदी के 12 साल परिवारवाद को कडा जवाब है। यही राष्ट्रवादी विचारधारा है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विजय मौर्य, सदस्य विधान परिषद पवन सिंह चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष श्रीकृष्ण लोधी, पूर्व जिला अध्यक्ष विनय प्रताप सिंह, अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक वीरेंद्र प्रताप सिंह और जितेंद्र सिंह सीताकांत बाजपेई ओम प्रकाश शुक्ला शिवदर्शन यादव आदि उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.