मोदी-शाह की झूठी गारंटियों का मुकाबला कांग्रेस के 5 न्याय व 25 गारंटियों से है: अविनाश पाण्डेय
Modi-Shah's false guarantees are in competition with Congress's 5 Nyay and 25 guarantees: Avinash Pandey
IPN Live
Lucknow, 14 Apr, 2024 01:55 AMसहारनपुर, 13 अप्रैल 2024 (आईपीएन)। लोकसभा चुनावों में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए प्रचार करने निकले कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय सहारनपुर पहुंचे और उन्होंने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के शेखपुरा कदीम एवं सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के अंबाला रोड पर दो जलसों को संबोधित किया।
राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पाण्डेय ने इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद के लिए चुनाव प्रचार में जलसों को संबोधित करते हुए कहा कि यह हार और जीत का चुनाव नहीं है, वास्तव में यह चुनाव सत्य-असत्य का है। अविनाश पांडे ने कहा कि 2014 से पूर्व की गारंटिया, जिसमें प्रतिवर्ष 2 करोड़ रोजगार, 15-15 लाख, 2022 तक किसानों की दुगनी आय व सबके लिए आवास आदि के जो वायदे मोदी ने किये थे और जिन्हें अमित शाह ने बाद में चुनावी जुमलो का नाम दिया, उन झूठी गारंटियों का मुकाबला कांग्रेस के 5 न्याय व 25 गारंटियों से है, जिनमें से कई गारंटियां तो पहले ही कांग्रेस शासित प्रदेशों में लागू की जा चुकी है और आज सच्चाई के रूप में जनता के सामने है। राष्ट्रीय महासचिव पांडे ने कहा कि राहुल ने 10,700 किलोमीटर की अपनी ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ व ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’’ में विभिन्न धर्माे, जातियों, भाषाओं व राज्यों के नागरिकों से जो संवाद किया, उसी संवाद पर आधारित हमारा घोषणा पत्र एक ऐसा पवित्र दस्तावेज है जो देश के हर व्यक्ति के लिए न्याय, विकास तो सुनिश्चित करेगा ही, साथ ही साथ बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए महान संविधान की खूबसूरती को कायम रखते हुए देश में समता मूलक समाज और मजबूत लोकतंत्र की पुनर्स्थापना भी करेगा, जिसे गत 10 वर्षों के भाजपा शासन ने बहुत कमजोर किया।
जलसों को राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष विदित चौधरी, कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद, सपा विधायक उमर अली खान, सपा विधायक शाहनवाज खान, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष गौतम, चेयरमैन काजी नोमान मसूद, पूर्व मंत्री लियाकत अली, पूर्व मंत्री शायान मसूद, प्रदेश सचिव अशोक सैनी, पूर्व आईएफएस व वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतेंद्र कुमार ने भी संबोधित किया।

No Previous Comments found.