मिशन 2027: यूपी में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी भाजपा : पंकज चौधरी

Mission 2027: BJP will form government in UP for the third consecutive time with a thumping majority: Pankaj Chaudhary

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 31 Oct, 2026 01:16 PM
मिशन 2027: यूपी में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी भाजपा : पंकज चौधरी

संगठन की शक्ति, विचारधारा और कार्यकर्ता भाजपा की सबसे बड़ी ताकत : प्रदेश अध्यक्ष

लखनऊ, 30 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। संगठन की शक्ति, विचारधारा और देवतुल्य कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और समर्पण के बल पर ही भाजपा आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनी है।

शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और कार्यसमिति के सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लखनऊ में आयोजित यह बैठक महज संगठनात्मक औपचारिकता नहीं, बल्कि संगठन की शक्ति का मूल्यांकन करने, भविष्य की दिशा तय करने और नए संकल्प के साथ विजय का मार्ग प्रशस्त करने का अवसर है। वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव प्रदेश के विकास, सुशासन और भविष्य की दिशा निर्धारित करेगा। भाजपा कार्यकर्ता संगठनात्मक सामर्थ्य और सरकार के कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा का इतिहास संघर्ष, सिद्धांत और समर्पण का इतिहास है। पार्टी ने कभी सत्ता प्राप्ति को अंतिम लक्ष्य नहीं माना। राष्ट्र निर्माण, समाज का समग्र विकास और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ही भाजपा का मूल उद्देश्य है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों एवं आदर्शों को लेकर पार्टी विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रही है।

योगी सरकार में बदली यूपी की तस्वीर

पंकज चौधरी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में महत्वपूर्ण परिवर्तन देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब कल्याण, किसान सम्मान, महिला सशक्तीकरण, युवाओं को अवसर और आधुनिक आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, राजनीतिक और आर्थिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। प्रदेश का विकास भारत के विकास की गति निर्धारित करता है। जब उत्तर प्रदेश आगे बढ़ता है तो विकसित भारत का संकल्प और मजबूत होता है।

बूथ का कार्यकर्ता ही जनता के विश्वास की सबसे बड़ी कड़ी

प्रदेश अध्यक्ष ने संगठनात्मक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन पर्व के माध्यम से बूथ से लेकर मंडल और प्रदेश स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया गया है। पश्चिम, ब्रज, गोरखपुर, काशी, अवध तथा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रों के प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण देखने को मिला।

उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता वर्ष के 365 दिन समाजसेवा और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहता है। संत रविदास समरसता संकल्प अभियान, हर घर तिरंगा अभियान और सेवा संकल्प अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रमों ने संगठन को समाज के विभिन्न वर्गों से जोड़ने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें जनता के विश्वास में बदलने का सबसे महत्वपूर्ण कार्य बूथ स्तर का कार्यकर्ता करता है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

2047 तक विकसित भारत का संकल्प

पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, तकनीक, डिजिटल व्यवस्था, आधुनिक आधारभूत संरचना और वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त उपस्थिति के नए अध्याय लिख रहा है। प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक प्रशासन और जनसेवा के क्षेत्र में 25 वर्षों की यात्रा के माध्यम से सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की विशिष्ट कार्यसंस्कृति स्थापित की है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण प्रत्येक नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता का साझा संकल्प है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को सर्वोपरि मानते हुए पूर्ण समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ मिशन 2027 की तैयारियों में जुट जाएं। प्रत्येक बूथ पर संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता से निरंतर संवाद ही आगामी चुनाव में विजय का आधार बनेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से भाजपा वर्ष 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाकर विजय का नया इतिहास रचेगी।

#UPPolitics #BJP #PankajChaudhary #AmitShah #YogiAdityanath #Mission2027 #UPElection2027 #BJPUP #Lucknow #PoliticalNews #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.