ब्रिक्स से लेकर संगठन विस्तार तक मायावती का बड़ा संदेश, वैश्विक मुद्दों पर रखी बेबाक राय

Mayawati's big message from BRICS to organisation expansion, expresses frank opinion on global issues

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 13 Sep, 2026 04:52 PM
ब्रिक्स से लेकर संगठन विस्तार तक मायावती का बड़ा संदेश, वैश्विक मुद्दों पर रखी बेबाक राय

स्वास्थ्य को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर बरसीं बसपा प्रमुख, आकाश आनंद के फोन कॉल का भी किया जिक्र

लखनऊ, 13 सितम्बर 2026 (आईपीएन)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन, उत्तर प्रदेश के पंचायत सहायकों की मांगों, पार्टी संगठन के पुनर्गठन तथा अपने स्वास्थ्य को लेकर फैलाई जा रही चर्चाओं पर विस्तार से अपनी बात रखी। प्रेस वार्ता के दौरान मायावती ने स्पष्ट संकेत दिए कि बसपा आगामी समय में संगठनात्मक स्तर पर अधिक सक्रिय और आक्रामक रणनीति के साथ आगे बढ़ेगी।

ब्रिक्स घोषणा-पत्र को बताया बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि

मायावती ने कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया यूक्रेन संघर्ष, ईरान से जुड़े तनाव, युद्ध जैसी परिस्थितियों, आर्थिक अस्थिरता और वैश्विक चुनौतियों का सामना कर रही है, नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में सर्वसम्मति से "नई दिल्ली घोषणा-पत्र" जारी होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि यह घोषणा-पत्र सदस्य देशों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को मजबूत करेगा। साथ ही ब्रिक्स देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को नई दिशा देगा। मायावती ने उम्मीद जताई कि भविष्य में ब्रिक्स मुद्रा के विकास की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

फिलिस्तीन मुद्दे पर भारत के दृष्टिकोण को मिला समर्थन

बसपा प्रमुख ने कहा कि फिलिस्तीन के मुद्दे पर दो-राष्ट्र समाधान, 1967 की सीमाओं के आधार पर स्वतंत्र फिलिस्तीन राष्ट्र का समर्थन तथा आतंकवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई से जुड़े विचार भारत के रुख के अनुरूप हैं। उन्होंने इसे सकारात्मक और सराहनीय बताया।

चीन के साथ मतभेद विवाद में न बदलें

मायावती ने कहा कि भारत और चीन जैसे बड़े पड़ोसी देशों के बीच मतभेदों को विवाद का रूप नहीं लेना चाहिए। दोनों देशों को विकास के साझेदार के रूप में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीमा विवाद जैसे लंबित मुद्दों का जितनी जल्दी शांतिपूर्ण समाधान होगा, उतना ही दोनों देशों और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए बेहतर होगा।

58 हजार पंचायत सहायकों की मांगों का समर्थन

प्रेस वार्ता के दौरान मायावती ने उत्तर प्रदेश के लगभग 58 हजार पंचायत सहायकों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पंचायत सहायक सम्मानजनक मानदेय वृद्धि और सेवाओं के स्थायीकरण की मांग को लेकर राजधानी लखनऊ में आंदोलन कर रहे हैं।

मायावती ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह इन कर्मचारियों की समस्याओं मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करे। उनका कहना था कि लंबे समय से कार्य कर रहे पंचायत सहायकों की उचित मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

बसपा संगठन में बड़े बदलाव, देश को सेक्टरों में बांटा गया

बसपा सुप्रीमो ने बताया कि हाल ही में लखनऊ स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में आयोजित अखिल भारतीय समीक्षा बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पूरे देश में पार्टी संगठन को ग्रासरूट स्तर तक मजबूत करने तथा बहुजन समाज के बीच पार्टी का जनाधार बढ़ाने के उद्देश्य से नए संगठनात्मक ढांचे को लागू किया गया है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को विशेष सेक्टर बनाकर सीधे उनकी निगरानी में रखा गया है।

अन्य राज्यों को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित कर जिम्मेदार नेताओं को प्रभार सौंपा गया है। इन प्रभारियों को नियमित रूप से अपने कार्यों की रिपोर्ट देनी होगी और समय-समय पर उनकी समीक्षा की जाएगी।

आनंद कुमार को सौंपी गई अहम जिम्मेदारी

मायावती ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा करेंगे। सेक्टर प्रभारी हर डेढ़ महीने में दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

उन्होंने कहा कि संगठन को अधिक जवाबदेह और परिणाम आधारित बनाने के लिए मुख्य सेक्टर प्रभारी की पुरानी व्यवस्था समाप्त कराम के अधूरे मिशन को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी पूरी ऊर्जा के साथ कार्य कर रही है।

स्वास्थ्य को लेकर अफवाहों पर दिया जवाब

प्रेस वार्ता का सबसे चर्चित हिस्सा मायावती का अपने स्वास्थ्य को लेकर दिया गया बयान रहा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है और इसी वजह से वे मीडिया के सामने नहीं आ रही हैं।

मायावती ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और नियमित रूप से पार्टी के कामकाज की निगरानी कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी से निकाले गए कुछ लोग जानबूझकर कार्यकर्ताओं के बीच इस तरह की अफवाहें फैला रहे हैं ताकि भ्रम और असमंजस की स्थिति पैदा की जा सके।

आकाश आनंद के फोन कॉल का किया जिक्र

मायावती ने कहा कि हाल ही में उनके आवास पर मौजूद पार्टी इंचार्ज आलोक कुमार के पास आकाश आनंद का फोन आया था। फोन पर आकाश आनंद ने यह जानकारी लेने की कोशिश की कि क्या मायावती अस्वस्थ हैं और उनका स्वास्थ्य कैसा है।

मायावती के अनुसार, आलोक कुमार ने उन्हें स्पष्ट रूप से बताया कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या नहीं है। उन्होंने दावा किया कि इसके बावजूद इस विषय को लेकर तरह-तरह की बातें फैलाने की कोशिश की गई।

मायावती ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं गंभीरता से विचार करने योग्य हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं को ऐसे भ्रामक प्रचार से सावधान रहना चाहिए।

कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील

प्रेस वार्ता के अंत में मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने के अभियान में पूरे समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बसपा आगामी समय में देशभर में अपने संगठनात्मक विस्तार और जनाधार बढ़ाने के अभियान को और तेज करेगी।

(आईपीएन)

#Mayawati #BSP #BahujanSamajParty #Lucknow #BRICSSummit #NewDelhiDeclaration #PanchayatSahayak #UttarPradesh #PoliticalNews #IPNNews #BahujanPolitics #AnandKumar #AkashAnand #BSPOrganization #LucknowNews #BreakingNews #IndianPolitics #MayawatiPressConference #DalitPolitics #JayBhim

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.