मस्जिदों को अवैध बताकर ध्वस्तीकरण पर मायावती ने जताई आपत्ति, बोलीं- सरकार तत्काल रोक लगाए

Mayawati objected to the demolition of mosques, calling them illegal, and said the government should immediately stop it.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 5 Sep, 2026 04:00 PM
मस्जिदों को अवैध बताकर ध्वस्तीकरण पर मायावती ने जताई आपत्ति, बोलीं- सरकार तत्काल रोक लगाए

लखनऊ, 5 सितंबर (आईपीएन)। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने उत्तर प्रदेश में मस्जिदों को अवैध बताकर ध्वस्त किए जाने की कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर की मस्जिद सहित प्रदेश में ऐसे मामलों में सरकार को तत्काल रोक लगाकर समाधान के अन्य उपाय करने चाहिए।

मायावती ने शनिवार को एक्स पर जारी बयान में कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में आएदिन मस्जिदों को काफी आपाधापी में अवैध बताकर ध्वस्त करने का सरकारी अभियान चल रहा है, जो ठीक नहीं है। उन्होंने सरकार से ऐसे नकारात्मक हालात से बचने के लिए इस पर तत्काल रोक लगाने और समाधान के अन्य उपाय करने की मांग की।

### धार्मिक स्थलों के सम्मान और सुरक्षा पर जोर

बसपा प्रमुख ने कहा कि संवैधानिक सेक्युलर सरकार का सभी धर्मों के मानने वालों तथा उनके धार्मिक स्थलों का समान आदर-सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करना उत्तरदायित्व है। उन्होंने कहा कि इस्लाम में मस्जिदें इबादत और दिन में कई बार जमात के साथ नमाज पढ़ने का मुख्य एवं अभिन्न अंग हैं। इसे ध्यान में रखते हुए भारतीय परंपरा के अनुसार सम्मान देना देश और व्यापक जनहित में जरूरी है।

### अभियुक्त के मकान पर कार्रवाई को लेकर भी सवाल

मायावती ने बिना नियम-कानून का समुचित अनुपालन किए किसी अभियुक्त का मकान ध्वस्त करने की कार्रवाई पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई से पूरे परिवार को सामूहिक तौर पर सजा देकर बेघर कर देने का संदेश जाता है, जिससे लोग काफी विचलित हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में बसपा सरकार की तरह “कानून द्वारा कानून का राज” का व्यवहार जरूरी है। मायावती ने केवल सरकार ही नहीं, बल्कि न्यायालयों से भी इस ओर समुचित ध्यान देने की अपील की।

### सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील

बसपा प्रमुख ने कहा कि मौजूदा हालात में सभी लोगों को सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना चाहिए। उन्होंने पार्टी की ओर से भी लोगों से शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील की।

#Mayawati #BSP #BahujanSamajParty #UttarPradesh #Saharanpur #Masjid #ReligiousPlaces #RuleOfLaw #Secularism #SocialJustice #PoliticalNews #IPNNews #IPNLive #IPN


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.