मायावती ने आकाश आनंद को दी बड़ी जिम्मेदारी, कई राज्यों में जनसभाओं का ऐलान; अशोक सिद्धार्थ की वापसी पर लगाया पूर्ण विराम

Mayawati entrusts Akash Anand with significant responsibility, announces public meetings in several states; puts a full stop to Ashok Siddhartha's return.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 19 Oct, 2026 02:39 AM
मायावती ने आकाश आनंद को दी बड़ी जिम्मेदारी, कई राज्यों में जनसभाओं का ऐलान; अशोक सिद्धार्थ की वापसी पर लगाया पूर्ण विराम

लखनऊ, 18 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक विस्तृत संदेश जारी कर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की भूमिका को लेकर बड़ा राजनीतिक संकेत दिया। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद अब पूरी परिपक्वता और जिम्मेदारी के साथ पार्टी एवं बहुजन आंदोलन के कार्यों को परिवार और रिश्तों से ऊपर रखकर निभा रहे हैं तथा उनसे बहुजन समाज को काफी अपेक्षाएं हैं।

मायावती ने बताया कि आकाश आनंद आगामी 28 अक्टूबर को बुलंदशहर, 2 नवम्बर को सहारनपुर, 20 नवम्बर को अयोध्या, 22 नवम्बर को आगरा और 29 नवम्बर को कानपुर नगर में बसपा की ओर से आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

उन्होंने कहा कि 26 नवम्बर को संविधान दिवस के अवसर पर पंजाब में आयोजित बसपा की विचार संगोष्ठी में आकाश आनंद मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। इसके अलावा 6 दिसम्बर को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित विचार संगोष्ठी एवं जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

बसपा प्रमुख ने अपने संदेश में कहा कि आकाश आनंद अब पूरी तरह पार्टी और मूवमेंट के कार्यों में सक्रियता से जुट गए हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले दिनों हुए विवादित घटनाक्रमों के लिए आकाश आनंद से ज्यादा उनके रिश्तेदार अशोक सिद्धार्थ जिम्मेदार थे। इसी कारण उन्हें पार्टी से बाहर किया गया और राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी गई।

मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि कुछ स्वार्थी तत्व लगातार अफवाहें फैलाने और लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा के साथ आकाश आनंद को सौंपे गए कार्यक्रमों को सफल बनाएं।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अशोक सिद्धार्थ की बसपा में वापसी को लेकर फैल रही चर्चाओं में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है। मायावती ने दो टूक कहा कि उन्हें किसी भी परिस्थिति और किसी भी कीमत पर दोबारा पार्टी में शामिल नहीं किया जाएगा।

इसके साथ ही मायावती ने बताया कि आनंद कुमार के छोटे पुत्र ईशान आनंद, जिन्होंने लंदन से कानून की पढ़ाई पूरी की है, अब उनके मार्गदर्शन में एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में दिल्ली स्थित बसपा के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के चुनावी और अन्य संगठनात्मक कार्यों में सहयोग करेंगे।

#Mayawati #BSP #BahujanSamajParty #AkashAnand #AshokSiddharth #UPPolitics #Lucknow #DalitPolitics #BahujanMovement #ConstitutionDay #Ambedkar #PoliticalNews #UPNews #IPNNews

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.