वकालत के 50 वर्ष पूरे होने पर सतीश चन्द्र मिश्र को मायावती ने दी बधाई
Mayawati congratulated Satish Chandra Mishra on completing 50 years of legal practice.
IPN Live
Lucknow, 12 Aug, 2026 02:01 PMलखनऊ, 12 अगस्त 2026 (आईपीएन)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, वरिष्ठ अधिवक्ता और उत्तर प्रदेश के पूर्व महाधिवक्ता सतीश चन्द्र मिश्र को वकालत के पेशे में 50 वर्ष (स्वर्ण जयंती) पूरे होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मायावती ने यह बातें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के माध्यम से कहीं।
मायावती ने कहा कि न्यायालय के गलियारों से लेकर जनसेवा की राजनीति तक सतीश चन्द्र मिश्र का सफर सत्य, न्याय और संविधान के प्रति अटूट निष्ठा से संचालित रहा है। न्याय को केवल अदालतों की चौखट तक सीमित न रखकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे हैं।
उन्होंने विशेष रूप से दृष्टिबाधित एवं अन्य दिव्यांगजनों के अधिकारों के लिए सतीश चन्द्र मिश्र द्वारा किए गए कार्यों को ऐतिहासिक और अनुकरणीय बताया।
मायावती ने कहा कि परमपूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा रचित भारतीय संविधान के मूल्यों और लोककल्याण के संकल्प को सतीश चन्द्र मिश्र आगे भी इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ समृद्ध करते रहें, यही उनकी कामना है।

No Previous Comments found.