मायावती ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर दी जानकारी, सतीश चंद्र मिश्र को मिली अहम जिम्मेदारी
Mayawati briefs on preparations for the 2027 assembly elections, with Satish Chandra Mishra given a key responsibility.
IPN Live
Lucknow, 19 Aug, 2026 12:11 PMलखनऊ, 19 अगस्त (आईपीएन)। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि पार्टी सर्वसमाज में अपना जनाधार मजबूत करने के साथ-साथ विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन और उनके नामों की घोषणा की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है।
मायावती ने कहा कि विधानसभा स्तर पर आयोजित किए जा रहे पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलनों में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा आदि की प्रक्रिया चल रही है। उनके मुताबिक, बीएसपी की इन तैयारियों को लेकर विरोधी दलों में बेचैनी है और सत्ताधारी भाजपा समेत अन्य विरोधी पार्टियों में बदलाव होना भी स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि बीएसपी ने सर्वसमाज में अपना आधार बढ़ाने के उद्देश्य से खासकर ब्राह्मण समाज को भी पार्टी से जोड़ने और उन्हें उम्मीदवार बनाने की प्रक्रिया शुरू की है। मायावती ने इसे वर्ष 2007 की तरह बीएसपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की तैयारी से जोड़ा। उन्होंने कहा कि इसे लेकर विरोधी पार्टियों में चर्चा और चिंता दोनों स्पष्ट दिखाई दे रही हैं।
मायावती ने बहुजन समाज के लोगों से विरोधी दलों के कथित हथकंडों को लेकर सजग और सतर्क रहने की अपील भी की।
सतीश चंद्र मिश्र को चुनाव आयोग संबंधी जिम्मेदारी
मायावती ने बताया कि बीएसपी के लंबे समय से राष्ट्रीय महासचिव, वरिष्ठ अधिवक्ता और पार्टी सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश के महाधिवक्ता रहे सतीश चंद्र मिश्र को संगठन की ओर से महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि सतीश चंद्र मिश्र बीएसपी शासनकाल में कैबिनेट मंत्री और कई बार राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं तथा उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के कई बार अध्यक्ष रहे हैं। अब उन्हें लीगल और मीडिया से जुड़े कार्यों के साथ-साथ चुनाव आयोग संबंधी कार्यों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
मायावती के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान सतीश चंद्र मिश्र की भूमिका कई मायनों में महत्वपूर्ण रहेगी।
#Mayawati #BSP #BahujanSamajParty #UPAssemblyElection2027 #UPPolitics #SatishChandraMishra #Election2027 #UttarPradesh #BSP2027 #PoliticalNews #Lucknow #ipnlive #ipnnews #ipn

No Previous Comments found.