किसान का अपमान, देश का अपमान है : अखिलेश यादव
Insulting farmers is an insult to the country: Akhilesh Yadav
IPN Live
Lucknow, 21 Aug, 2026 11:42 PMलखनऊ, 21 अगस्त (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मेरठ में किसान नेताओं के साथ कथित पुलिस उत्पीड़न को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि किसान का अपमान, देश का अपमान है। भाजपा ने किसान के मुंह पर लात मरवाकर पूरे देश के किसानों को धमकाने का जो कुकृत्य किया है, वह अक्षम्य है। भाजपा का चरित्र ही किसान विरोधी है।
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा मेरठ के किसान नेताओं को थाने में कथित तौर पर थर्ड डिग्री देने और प्रताड़ित किए जाने की निंदा करते हुए कहा कि यह दर्शाता है कि भाजपा हार के डर से कितनी बौखलाई हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार खेती-किसानी, भंडारण, विदेशी बीज-खाद, पैदावार के व्यापार और विपणन को कुछ लोगों के हाथों में सौंपने के लिए विदेशियों से डील करती है, लेकिन किसानों को एमएसपी देने के लिए तैयार नहीं होती। उन्होंने कहा कि सरकार खरीद से पीछे हटती है और किसानों को खाद की अंतहीन कतारों में खड़ा करती है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार भूमि अधिग्रहण और तीन कृषि कानूनों के जरिए किसानों का सब कुछ हड़प लेना चाहती थी। उन्होंने किसान आंदोलन में 700 से अधिक किसानों की शहादत का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने इस पर चुप्पी साधे रखी और किसानों की आत्महत्याओं पर भी शोक तक प्रकट नहीं किया।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि किसानों पर गाड़ी चढ़ाकर उनकी हत्या करने वाले लोगों को भी भाजपा सरकार ने क्लीन चिट दी। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार से इससे अधिक उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह किसानों के हित के नाम पर कथित हितैषियों से समझौता कर अपनी स्वार्थ सिद्धि में लगी रहे और किसान नेताओं को थर्ड डिग्री दे।
उन्होंने कहा कि देशभर के किसान देखें कि भाजपा और उसके सहयोगी किस तरह सत्ता के अहंकार में डूबकर किसानों पर अत्याचार कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने मेरठ मामले की गहरी जांच कराने, प्रत्येक दोषी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने और दोषियों की बर्खास्तगी की मांग की।
उन्होंने अपने बयान के अंत में कहा—“किसान कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा।”
#AkhileshYadav #SamajwadiParty #SP #Farmers #Kisan #Meerut #FarmerProtest #MSP #किसान #अखिलेशयादव #समाजवादीपार्टी #किसानआंदोलन #मेरठ #एमएसपी #किसानहित #किसानविरोधी #उत्तरप्रदेश #लखनऊ #ipnlive #ipnnews #ipn

No Previous Comments found.