चुनाव के दौरान गैर भाजपा शाषित राज्य में डीजीपी, चीफ सेक्रेट्री और अन्य अधिकारी हटा दिए जाते हैं : अखिलेश यादव
In non-BJP ruled states, DGP, Chief Secretary and other officers are removed during elections: Akhilesh Yadav
IPN Live
Lucknow, 17 Mar, 2026 02:51 AMलखनऊ, (IPN)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। यह बात पूरा देश जानता है। भाजपा फर्जी तरीके से प्रिन्टेड फार्म 7 के जरिए फर्जी दस्तखत से वोट कटवा रही थी। समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष के फर्जी दस्तखत से समाजवादी पार्टी के वोटरों का नाम कटवाने की साजिश हुई। समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग में इसकी शिकायत की लेकिन आयोग ने दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
सोमवार को संसद परिसर में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जब विधानसभा चुनाव होता है, जिस राज्य में भाजपा की सरकार नहीं होती है तो वहां डीजीपी, चीफ सेक्रेट्री और अन्य अधिकारी हटा दिए जाते हैं लेकिन जिस राज्य में भाजपा की सरकार रहती है, वहां कोई अधिकारी नहीं हटाया जाता है। यूपी में भाजपा की सरकार के दौरान चुनाव में कभी डीजीपी और अन्य अधिकारी नहीं हटाए जाते है। जिन अधिकारियों के परिवार के लोग चुनाव लड़ रहे थे उन्हें भी नहीं हटाया था।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अयोध्या में उपचुनाव के दौरान जिन अधिकारियों ने समाजवादी पार्टी को चुनाव हराया था, हमने उनकी लिस्ट जारी की थी, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा के लोग अफवाहजीवी है। ये झूठ बोलते है। बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन लोगों को खाना बनाने के लिए रसोई गैस सिलेण्डर नहीं दे पा रहे हैं। जनता में आक्रोश है। लोग लाइनों में लगे हैं। दिक्कतें और परेशानियां झेल रहे हैं, उसके बाद भी भाजपाई बेशर्मी से झूठ बोल रहे हैं कि गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि जो सब कुछ लाने का दावा करते हैं, वो राम रसोई को चलाने के लिए सिलेण्डर नहीं ला सकते क्या? पूरे देश में रसोई गैस संकट के लिए भाजपा जिम्मेदार है।
पुलिस भर्ती में आए विवादित सवाल को लेकर अखिलेश ने कहा कि भाजपा जानबूझ कर यह सब कराती है, फिर दूसरों को बदनाम कराती है। भाजपा के पास एक टीम है, जिसे वह पैसे देती है और दूसरों को बदनाम करती है। क्या ब्राह्मण समाज को कोई इस तरह से बदनाम कर सकता है? यह पहली बार नहीं हुआ है, जिन्हें हाता नहीं भाता, वे इस तरह का काम कई बार कर चुके हैं। भाजपा सरकार ने शंकराचार्य को भी अपमानित किया। बदनाम करने का षड्यंत्र किया। भाजपा ने सनातन का अपमान किया। अधर्म किया।
कांशीराम को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और मान्यवर कांशीराम जी ने एक समय पर मिलकर देश को नई दिशा दिया था। नेताजी मुलायम सिंह यादव और कांशीराम ने मिलकर भाजपा का मुकाबला किया था, भाजपा को हरा दिया। उसी के बाद भाजपा अपने हर कार्यक्रम में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की तस्वीर लगाने लगी।
श्री यादव ने कहा कि कांशीराम के साथ जीवनभर संघर्ष करने वाले और उनके बताए रास्ते पर चलने वाले लोग चाहते है कि उनको सम्मान मिले। हम भी यही चाहते हैं।

No Previous Comments found.