भाजपा राज में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल, किसान और जनता महंगाई से परेशान : अखिलेश यादव
Health services in shambles under BJP rule, farmers and public troubled by inflation: Akhilesh Yadav
IPN Live
Lucknow, 18 Aug, 2026 01:42 AMबोले- भाजपा सरकार ने जनहित की सुविधाओं को बर्बाद किया, 2027 में पीडीए बूथ स्तर तक सपा सरकार बनाने के लिए संकल्पित
लखनऊ, 17 अगस्त (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी व्यवस्थाओं को बदहाल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं, किसानों की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है और महंगाई व भ्रष्टाचार ने जनता की कमर तोड़ दी है। भाजपा राज का अंत होने पर ही समस्याओं और परेशानियों का समाधान संभव होगा।
अखिलेश यादव सोमवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों और नौजवानों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान डॉ. दिग्विजय भाटी के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन (बीआर अंबेडकर) से जुड़े बड़ी संख्या में किसानों ने उनसे मुलाकात की।
डॉ. दिग्विजय भाटी ने बताया कि किसान अमरोहा से करीब 400 किलोमीटर का सफर ट्रैक्टर-ट्रॉली से तय कर लखनऊ पहुंचे हैं। वहीं मुकेश सिद्धार्थ, राष्ट्रीय संयोजक आंबेडकर सेना मेरठ ने ललिता गौतम प्रकरण में न्याय की लड़ाई के दौरान अखिलेश यादव द्वारा उनकी पीड़ा को समझने और सहयोग करने के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि इस संघर्ष में 16 आंदोलनकारियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए हैं।
गाजियाबाद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण रूहेला ने अखिलेश यादव को ‘गुमनाम क्रांतिकारी’ पुस्तक भेंट की।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार पर निशाना
अखिलेश यादव ने फिरोजाबाद के एक नौजवान का हालचाल लेते हुए कहा कि शिकोहाबाद निवासी अंकित राठौर के मामले में लोहिया संस्थान में कथित रूप से गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसका हाथ काटना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने लोहिया अस्पताल प्रशासन से भी बातचीत की है।
इस घटना पर दुख और क्षोभ व्यक्त करते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चौपट हो गई हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों से इलाज के नाम पर लूट की शिकायतें मिल रही हैं और व्यवस्था पर कोई प्रभावी निगरानी नहीं है।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के समय घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा और नवजात शिशुओं व प्रसूताओं की सुविधा के लिए 102 एंबुलेंस सेवा शुरू की गई थी। अपराध नियंत्रण के लिए तत्काल पुलिस रिस्पांस सिस्टम के रूप में यूपी डायल-100 की व्यवस्था भी बनाई गई थी। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इन जनहितकारी व्यवस्थाओं को बर्बाद कर दिया।
किसान सबसे ज्यादा परेशान : अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान सबसे ज्यादा परेशान है। किसानों की समस्याओं पर सरकार गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार के कारण आम जनता की मुश्किलें बढ़ी हैं।
इस दौरान किसान नेताओं ने एक स्वर में कहा कि देश और प्रदेश को बचाने के लिए अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना और सामाजिक न्याय की व्यवस्था लागू करना जरूरी है। उन्होंने लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की रक्षा का संकल्प भी जताया।
2027 के लिए बूथ स्तर तक तैयार पीडीए : अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही समय बचा है। जनता में भाजपा सरकार को लेकर काफी आक्रोश और समाजवादी पार्टी के प्रति उत्साह है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार से छुटकारा पाने के लिए पीडीए बूथ स्तर तक समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए संकल्पित है।
उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव के लिए तैयार है और समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, लोकतंत्र, संविधान तथा आरक्षण की रक्षा के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी।
#ipnlive #ipnnews #ipn #AkhileshYadav #SamajwadiParty #SP #PDA #UttarPradesh #UPPolitics #Farmers #Kisan #HealthServices #Healthcare #Mehangai #Corruption #SocialJustice #Constitution #Reservation #UPAssemblyElection2027 #Lucknow

No Previous Comments found.