बाबा साहब की जयंती से संविधान दिवस तक भाजपा ने लोकतंत्र और संविधान पर किया प्रहार : राजेन्द्र पाल गौतम

From Baba Saheb's birth anniversary to Constitution Day, BJP attacked democracy and the Constitution: Rajendra Pal Gautam

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 28 Nov, 2026 03:00 AM
बाबा साहब की जयंती से संविधान दिवस तक भाजपा ने लोकतंत्र और संविधान पर किया प्रहार : राजेन्द्र पाल गौतम

कांग्रेस ने भाजपा पर चुनी हुई सरकारें गिराने, सांसदों की खरीद-फरोख्त और महिला आरक्षण को लटकाने का लगाया आरोप

आरक्षण तत्काल लागू करे सरकार, जातिगत जनगणना कराकर ओबीसी महिलाओं को भी मिले अधिकार : आराधना मिश्रा ‘मोना’

लखनऊ, 27 नवंबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भाजपा और केंद्र सरकार पर संविधान, लोकतंत्र तथा महिला अधिकारों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।


प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि भारतीय जनता पार्टी और मोदी सरकार जब से सत्ता में आई है, तब से बाबा साहब के संविधान के प्रति उसका रवैया लगातार सवालों के घेरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर दिन संविधान की मूल भावना को कमजोर कर अपनी अराजक, अनैतिक और अप्रजातांत्रिक सोच का विधान लिख रही है।


उन्होंने कहा कि सत्ता में आते ही भाजपा ने उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस की चुनी हुई सरकारें गिराईं। मणिपुर और गोवा में बहुमत न होने के बावजूद सरकारें बनाईं। इसके बाद कर्नाटक और मध्य प्रदेश में विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकारें गिराईं और महाराष्ट्र में राजनीतिक दलों को तोड़ने का काम किया। विधायक, सांसद और वोट चुराने के बाद अब सदन में बहुमत जुटाने का खेल खेला जा रहा है।


राजेन्द्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि टीएमसी के 20 सांसदों को एक ऐसे राजनीतिक दल में शामिल कराया गया, जिसका पहले कोई खास राजनीतिक अस्तित्व नहीं था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 400 पार का बहुमत नहीं मिला तो अब दूसरे रास्तों से बाबा साहब के संविधान पर हमला किया जा रहा है। बाबा साहब की जयंती से लेकर संविधान दिवस तक सरकार संविधान की आत्मा को रौंदने का काम कर रही है।


31 महीने की देरी के बाद अंबेडकर जयंती पर संशोधन बिल लाने का आरोप


राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि 14 अप्रैल 2026 को बाबा साहब की जयंती पर संशोधन बिल सार्वजनिक किए गए। 16 अप्रैल 2026 को कानून पारित होने के करीब 31 महीने बाद उसकी अधिसूचना जारी हुई और उसी दिन 131वां संविधान संशोधन बिल पेश किया गया।


उन्होंने आरोप लगाया कि इस संशोधन में 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन और लोकसभा की अधिकतम सीटों की संख्या 850 करने का प्रस्ताव था। इससे जातिगत जनगणना को किनारे कर ओबीसी महिलाओं के अधिकारों का रास्ता बंद करने की कोशिश की गई।


उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल 2026 को इस बिल के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि इसे पारित कराने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी। विरोध में 230 वोट पड़े। पर्याप्त समर्थन नहीं मिलने के कारण सरकार को परिसीमन बिल वापस लेना पड़ा।


भाजपा पर लोकतांत्रिक तरीके से चुनी सरकारें गिराने का आरोप


राजेन्द्र पाल गौतम ने भाजपा पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2016 में अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड में चुनी हुई सरकारों को गिराया गया, जिन्हें बाद में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप से बहाल करना पड़ा।

उन्होंने गोवा और मणिपुर में मार्च 2017 में बहुमत न होने के बावजूद भाजपा की सरकारें बनने, कर्नाटक में जुलाई 2019 और मध्य प्रदेश में मार्च 2020 में विधायकों की खरीद-फरोख्त तथा गोवा में 2019 और 2022 के दौरान कांग्रेस विधायकों के दल बदलने का भी उल्लेख किया।

उन्होंने महाराष्ट्र में जून 2022 में शिवसेना और जुलाई 2023 में एनसीपी में हुई टूट का हवाला देते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को तोड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया गया।

टीएमसी के 20 सांसदों के विलय पर उठाए सवाल

राजेन्द्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि 14 जून 2026 को टीएमसी के 28 में से 20 सांसदों का त्रिपुरा की एनसीपीआई (नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया) में विलय कराया गया। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी का लोकसभा में एक भी निर्वाचित सांसद नहीं था, वह रातों-रात 20 सांसदों वाली पार्टी बनकर एनडीए में शामिल हो गई। इन सांसदों की अयोग्यता संबंधी याचिकाएं अभी भी लोकसभा अध्यक्ष के पास लंबित हैं।

उन्होंने मानसून सत्र समाप्त होने के बाद 105 दिनों तक संसद का सत्रावसान नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि इस दौरान बहुमत जुटाने का खेल चलता रहा।

संविधान दिवस पर विशेष सत्र बुलाने को लेकर भाजपा पर निशाना

राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि एनडीए के पास लगभग 319 सांसद हैं, जबकि संविधान संशोधन के लिए करीब 360 सांसदों के समर्थन की जरूरत है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हर हाल में बाबा साहब के संविधान को कमजोर कर अपना नया विधान लिखना चाहती है। उत्तर प्रदेश की जनता और यहां की नारी शक्ति भाजपा के इस संविधान विरोधी षड्यंत्र का जवाब देगी।

भाजपा शुरू से महिला आरक्षण के खिलाफ रही है : आराधना मिश्रा ‘मोना’

प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही महिला आरक्षण के खिलाफ रही है। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस के पुराने प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि मई 1989 में राजीव गांधी ने पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने के लिए 64वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किया था। लोकसभा से पारित होने के बावजूद अक्टूबर 1989 में यह विधेयक राज्यसभा में पांच वोट से गिर गया था। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा ने इसका विरोध किया था।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1992-93 में नरसिम्हा राव सरकार ने 73वें और 74वें संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायतों और नगर निकायों में महिला आरक्षण लागू कराया।

आराधना मिश्रा ने कहा कि 9 मार्च 2010 को यूपीए सरकार ने महिला आरक्षण विधेयक (108वां संविधान संशोधन) राज्यसभा में 185-1 से पारित कराया था। उस समय गोरखपुर से सांसद रहे योगी आदित्यनाथ ने इसका विरोध किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कई अन्य सांसदों ने भी विधेयक का विरोध किया था।

2023 में महिला आरक्षण विधेयक पारित, लेकिन लागू करने में लगाई शर्त

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 19 सितंबर 2023 को नए संसद भवन के पहले दिन नारी शक्ति वंदन अधिनियम (128वां संविधान संशोधन विधेयक) पेश किया गया। 20 और 21 सितंबर 2023 को यह लोकसभा में 454-2 और राज्यसभा में 214-0 से पारित हुआ। कांग्रेस ने इसका पूरा समर्थन किया था।

उन्होंने कहा कि इस आरक्षण को नई जनगणना और उसके बाद परिसीमन की शर्त से जोड़ दिया गया, जिसके कारण इसे 2034 से पहले लागू करना संभव नहीं हो पाएगा।

उन्होंने बताया कि 20 सितंबर 2023 को लोकसभा में सोनिया गांधी ने मांग की थी कि महिला आरक्षण विधेयक तत्काल लागू किया जाए और जातिगत जनगणना कराकर एससी, एसटी तथा ओबीसी महिलाओं के आरक्षण की व्यवस्था की जाए।

इसी तरह राहुल गांधी ने कहा था कि ओबीसी आरक्षण के बिना महिला आरक्षण विधेयक अधूरा है। परिसीमन या जनगणना की जरूरत के बिना महिलाओं को तत्काल 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए।

आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि कांग्रेस ने महिला आरक्षण तत्काल लागू करने और जनगणना की शर्त नहीं जोड़ने की मांग की थी। सरकार ने यह मांग नहीं मानी, इसके बावजूद कांग्रेस ने विधेयक का समर्थन किया। कांग्रेस को भरोसा था कि जनगणना होने पर जातिगत जनगणना भी होगी और ओबीसी महिलाओं को उनका अधिकार मिलेगा।

उन्होंने मांग की कि भारतीय जनता पार्टी महिला आरक्षण विधेयक को जल्द से जल्द लागू करे, ताकि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार मिल सके।

#ConstitutionDay #BabasahebAmbedkar #IndianDemocracy #WomenReservation #CasteCensus #OBCReservation #RajendraPalGautam #AradhanaMishraMona #UPCongress #Congress #IndianConstitution #SocialJustice #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.