भाजपा मुख्यालय पर हुआ ध्वजारोहण, बलिदानियों को अर्पित की श्रद्धांजलि

Flag hoisting took place at BJP headquarters, tribute paid to the martyrs

16 Aug, 2024 12:45 AM
भाजपा मुख्यालय पर हुआ ध्वजारोहण, बलिदानियों को अर्पित की श्रद्धांजलि

लखनऊ, 15 अगस्त 2024 (आईपीएन)। भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय में 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह एवं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक राष्ट्रगान किया और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि लम्बे कालखंड की परतंत्रता के पश्चात आज के दिन हमारा देश स्वतंत्र हुआ। देशवासियों के संघर्ष, त्याग, तपस्या और अगणित बलिदानों से देश आजाद हुआ। स्वतंत्रता दिवस देश की एकता और अखण्डता को अक्षुण्य बनाए रखने के लिए प्रत्येक भारतीय द्वारा लिए जाने वाले संकल्प का दिन है। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस का पर्व वैभवशाली राष्ट्र निर्माण के संकल्प का भी दिन है। कहा कि स्वतंत्रता के लिए संघर्ष व बलिदान करने वाले अमर बलिदानियों को कृतज्ञ नमन।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बदलता हुआ भारत दुनिया के सामने है। मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व योगी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने देश में तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को जनादेश देने के लिए जनता का अभिनंदन करते हुए कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता में गरीब, किसान, युवा तथा महिलाओं का आर्थिक व सामाजिक विकास है। देश और प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण है। देश की सीमायें सुरक्षित है। भारत का प्रभुत्व लगातार विश्व में बढ़ रहा है और आज भारत विश्व में सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। आज देश का नेतृत्व मजबूत हाथों में है और देश लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है। स्वतंत्रता दिवस पर हम सभी देश व प्रदेश की उन्नति में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लेकर कार्य करें।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, अमर पाल मौर्य, अनूप गुप्ता, संजय राय, प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह, बसंत त्यागी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सहप्रभारी हिमांशु दुबे, प्रदेश प्रवक्ता डा. समीर सिंह, मनीष शुक्ला, आलोक अवस्थी, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, सहप्रभारी चौधरी लक्ष्मण सिंह, अतुल अवस्थी, प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश आजाद अंसारी, एमएलसी लाल जी प्रसाद निर्मल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।  


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.