विपक्ष की राजनीति पर डॉ. राजेश्वर सिंह का बड़ा हमला, बोले- अराजकता के जरिए सत्ता तक पहुंचने का सपना नहीं होगा पूरा
Dr. Rajeshwar Singh launched a scathing attack on the opposition's politics, saying the dream of reaching power through anarchy will not be fulfilled.
IPN Live
Lucknow, 3 Nov, 2026 08:55 PMकांग्रेस के इतिहास और पीडीए की राजनीति पर साधा निशाना, बोले- लोकतंत्र के नाम पर देश को बांटने की कोशिश बर्दाश्त नहीं करेगी जनता
भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए सरोजनीनगर विधायक, कांग्रेस-सपा को घेरा
लखनऊ, 3 नवंबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव-2027 से पहले राजनीतिक माहौल गरमाने लगा है। भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के जरिए विपक्ष को घेरने की कोशिशों के बीच सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया। विधानसभा से परिवर्तन चौक तक निकली पदयात्रा में दल-बल के साथ शामिल हुए डॉ. सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतांत्रिक तरीके से जनता का विश्वास जीतने में असफल होने के बाद विरोध-प्रदर्शन और अराजकता का सहारा ले रहा है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा देश की जनता के सामने बेनकाब हो चुका है। लोकतंत्र के नाम पर अराजकता फैलाने और जनता के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिशों को देश स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति और उसके तौर-तरीकों के खिलाफ जनता में आक्रोश है। विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब जनता तक तथ्यों के साथ पहुंचाना जरूरी है और भाजपा की पदयात्रा इसी राजनीतिक उद्देश्य का हिस्सा है।
चुनावी मुकाबले से बचकर आंदोलन की राजनीति कर रहा विपक्ष
डॉ. सिंह ने विपक्ष की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो राजनीतिक दल चुनाव में जनता का विश्वास जीतने और लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करने में असफल हो रहे हैं, वे अब अराजकता और विरोध-प्रदर्शन का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का मकसद लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को उसके दायित्वों का निर्वहन करने से रोकना है। यदि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा है तो उसे जनता के बीच जाना चाहिए, अपनी बात रखनी चाहिए और चुनाव के माध्यम से जनसमर्थन हासिल करना चाहिए।
कांग्रेस के इतिहास को लेकर उठाए सवाल, सपा पर भी साधा निशाना
कांग्रेस, सपा और अन्य विपक्षी दलों पर अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कांग्रेस शासनकाल में संविधान के अनुच्छेद 356 के कथित 100 से अधिक इस्तेमाल का उल्लेख किया। उन्होंने 1984 के सिख-विरोधी नरसंहार, कश्मीर से हिंदुओं के पलायन और सपा शासनकाल में कारसेवकों पर गोली चलाने की घटना का जिक्र करते हुए विपक्ष के राजनीतिक इतिहास पर सवाल खड़े किए।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद विपक्षी दल विभिन्न शक्तियों को एकजुट कर मोर्चा बना रहे हैं। बिना ठोस मुद्दों के धरना-प्रदर्शन और अव्यवस्था पैदा करना लोकतांत्रिक राजनीति का विकल्प नहीं हो सकता।
पीडीए की राजनीति पर भी उठाए सवाल
पीडीए के नारे पर निशाना साधते हुए डॉ. सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष की राजनीति समाज को बांटने और देश को विभाजित करने की दिशा में बढ़ रही है। अंग्रेजों की बांटो और राज करो की नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर अंग्रेजों ने लंबे समय तक शासन किया था। उन्होंने कहा कि देश को फिर से विभाजनकारी राजनीति की ओर ले जाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
दिग्गज नेताओं की अगुवाई में निकली पदयात्रा
पदयात्रा का नेतृत्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने किया। पदयात्रा में आमजन, भाजपा कार्यकर्ताओं, संगठन के पदाधिकारियों और एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
#RajeshwarSingh #BJPvsCongress #LoktantraBachao #ArajaktaHatao #UPPolitics #UPElection2027 #BJPUttarPradesh #Congress #SamajwadiParty #PDA #ShivrajSinghChouhan #PankajChaudhary #BrajeshPathak #DharmapalSingh #LucknowNews #PoliticalNews #UttarPradeshNews #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.