उपमुख्यमंत्री केशव ने कहा: जीरो पर आउट होने वाले हैं यूपी के दोनों लड़के

Deputy Chief Minister Keshav said: Both the boys of UP are going to be out on zero.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 19 Apr, 2024 01:32 AM
उपमुख्यमंत्री केशव ने कहा: जीरो पर आउट होने वाले हैं यूपी के दोनों लड़के

हरदोई, 18 अप्रैल 2024 (आईपीएन)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को हरदोई के गांधी मैदान में हरदोई भाजपा प्रत्याशी जय प्रकाश रावत, मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी अशोक रावत तथा सम्भल से भाजपा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी के नामांकन के अवसर पर आयोजित जनसभा में कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे दलों ने इंडी गठबंधन बना लिया, लेकिन यूपी में इनका खाता भी नहीं खुलेगा। दोनों ही लड़के यूपी में जीरो पर आउट होने वाले हैं क्योंकि जनता ने कमल खिलाने का मन एक बार फिर से बना लिया है।

उन्होंने कहा कि हरदोई भगवान नृसिंह, वामन और प्रहलाद की धरती है और यहां की हुंकार पूरे देश में जाती है।कहा कि यह चुनाव साधारण नहीं है। पीढ़ियों की मजबूती इसी चुनाव से तय होगी। उन्होंने कहा कि चार सौ पार का नारा सुनते ही विपक्षी दलों की जमीन खिसकने लगती है। 2017 यूपी के दो लड़कों ने जोड़ी बनाई थी जो पूरी तरह फ्लॉप रही। 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा बसपा का गठबंधन था और तब गठबंधन वालों के दावे के उलट जनता ने मोदी को ही अपना आशीष प्रदान किया। अबकी बार फिर से फ्लॉप जोड़ी मैदान मे हैं। जनता सपा-कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर देगी क्योंकि जनता ने फिर से कमल खिलाने का मन बनाया है।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर प्रधानमंत्री पर आरोप लगाने वाले राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी ने संसद में कहा था कि वे एक रुपया भेजते हैं तो लाभार्थी तक 15 पैसे पहुंचते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 34 लाख करोड़ रुपये लाभार्थियों के खातों में भेजे और एक एक रूपया सीधे गरीब के खाते से पहुंचा। देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है, लेकिन सपा-बसपा वाले राशन बेचकर अपनी तिजोरियां भर लेते थे। इन्होंने जनता के हक पर केवल डकैती डालने का काम किया है। मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने देश के विकास के लिए तय किए गये अपने संकल्पों को पूरा करने का काम किया है। मोदी जी की गारंटी गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के कल्याण लिए है, देश के विकास के लिए है, भारत को विकसित राष्ट्र की श्रेणी में खड़ा करने के लिए है।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए जनता से पुनः भाजपा प्रत्याशियों को जिताकर मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने की अपील की।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.