उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा: फरेबी विपक्ष के कारनामों के बारे में हमें घर-घर जाकर देनी होगी जानकारी

Deputy Chief Minister Brajesh Pathak said: We will have to go door-to-door and inform people about the activities of the deceitful opposition

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 14 Jul, 2024 07:57 PM
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा: फरेबी विपक्ष के कारनामों के बारे में हमें घर-घर जाकर देनी होगी जानकारी

लखनऊ, 14 जुलाई 2024 (आईपीएन)। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश भाजपा की उर्वरा भूमि है। प्रदेश के असंख्य कार्यकर्ताओं ने अपने खून पसीने से सपा-बसपा और कांग्रेस की अत्याचारी सरकारों से लड़ाई लड़कर भाजपा को सत्ता में लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से लगातार भाजपा ने यूपी में उत्तरोत्तर प्रगति अर्जित की है। वर्ष 2014 में मोदी के नेतृत्व में 325 सीटें जीतने के अलावा वर्ष 2019 में भी सपा व बसपा का गठबंधन होने के बाद भी भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला। वर्ष 2017 व 2022 में भी कार्यकर्ताओं के परिश्रम व जुझारूपन से दो तिहाई सीटों पर जीत के साथ प्रदेश में भाजपा सरकार बनी।

श्री पाठक ने कहा कि वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा जहां पारदर्शिता के साथ काम कर रही थी, वहीं विपक्ष ने भ्रम फैलाया। झूठे वादे किए और हमें आशा के अनुरूप परिणाम नहीं मिले। उन्होंने कहा कि झूठ और फ़रेब की उम्र लंबी नहीं होती। फरेबी विपक्ष के कारनामों के बारे में हमें घर-घर जाकर जानकारी देनी होगी। उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाने के लिए जीतोड़ मेहनत करनी पड़ेगी।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संविधान की धज्जियाँ उड़ाई, इमर्जेंसी लगाकर देश को जेल में तब्दील कर दिया। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का भी अपमान किया।

पाठक ने कहा कि बाबा साहेब के खिलाफ कांग्रेसी इकोसिस्टम काम करता रहा। इसका उल्लेख बाबा साहेब ने अपनी जीवनी में भी किया है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल मोदी जी ने ही दलितों और ग़रीबों के लिए काम किया है। चाहे पंचतीर्थों का विकास हो, दलितों को पक्का मकान देना हो या उनके घर के बाहर पक्की सड़क बनानी हो। दलितों और पिछड़ों के कल्याण के लिए योजनाएँ केवल मोदी जी और योगी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने ही किया है।

उन्होंने कहा कि आरक्षण को लेकर समाजवादी पार्टी ने हमेशा गुमराह करने का काम किया है। सपा सरकार की नीतियाँ गुंडों, माफियाओं को बढ़ावा देने की रही है। सपा राज में बहू बेटी को अकेले बाहर निकालने नहीं देते थे। व्यापारियों से दिन दहाड़े लूट हो जाती थी। वे डरे और सहमें हुए अपना कारोबार करते थे। बिल्डर भी माफियाओं के चंगुल से निकल नहीं पाये थे। सपा की अराजकता को प्रदेश भूला नहीं है।

उन्होंने कहा कि हमें प्रदेश की आम जनता को, माता-बहनों को, किसानों व कारोबारियों और युवाओं दलितों व पिछड़ों को घर-घर जाकर विपक्ष के कारनामों के बारे में बताना है।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.