भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर, कानून-व्यवस्था ध्वस्त : अखिलेश यादव
Corruption at its peak under BJP government, law and order in shambles: Akhilesh Yadav
IPN Live
Lucknow, 19 Aug, 2026 01:49 AM2027 में सपा की सरकार बनाकर जनता को भाजपा के कुशासन से मुक्ति दिलाने का आह्वान
लखनऊ, 18 अगस्त (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसान से जुड़े मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बदहाल है, जबकि किसान परेशान हैं और उन्हें समय पर खाद और बीज तक नहीं मिल पा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की सभी समस्याओं की जड़ भाजपा है। भाजपा ही आम जनता की परेशानी का कारण है। उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जनता को भाजपा के कुशासन से मुक्ति मिलेगी।
2027 का चुनाव बेहद महत्वपूर्ण, बूथ मजबूत करने का आह्वान
सपा अध्यक्ष ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा और भाजपा सरकार को हटाने के लिए पूरी ताकत से काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जिन प्रत्याशियों को तय करेगी, पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को मिलकर उन्हें विजयी बनाना होगा। उन्होंने संगठन की एकजुटता और बूथ स्तर पर सक्रियता को चुनावी सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
एक्सप्रेस-वे और सड़कों को लेकर सरकार पर निशाना
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार में पूरी तरह संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार में बने सड़क और हाईवे जगह-जगह धंस रहे हैं। उन्होंने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे का जिक्र करते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे के बाद गंगा एक्सप्रेस-वे भी दो जगह धंस गया। भाजपा सरकार के भ्रष्टाचारी निर्माणों की पोल हर दिन खुल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के डामर से बनी सरकार की सड़कें गड्ढों में तब्दील होती जा रही हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे के कई हिस्से टूटने के बाद अब एक्सप्रेस-वे पर पुल के ज्वाइंट में भी दरारें आने की बात सामने आई है। उन्होंने मुरादाबाद में शुरू होने से पहले ही 655 करोड़ रुपये की लागत से बन रही रिंग रोड के धंसने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में बजट की लूट हो रही है और जनता का पैसा बर्बाद किया जा रहा है।
जल जीवन मिशन और स्मार्ट सिटी पर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में हर विभाग और हर कार्य में लूट चल रही है। कहीं सड़कें टूट रही हैं तो कहीं पानी की टंकियां गिर रही हैं। उन्होंने जल जीवन मिशन को लेकर भी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन भाजपा सरकार में लूट का मिशन बन गया है। भाजपा सरकार ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया है और शहरों की स्थिति भी खराब है।
सपा अध्यक्ष ने स्मार्ट सिटी परियोजना को लेकर कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर आया पैसा भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। उन्होंने गोरखपुर और प्रयागराज सहित कई शहरों में जलभराव की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि बारिश के दौरान हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नालों की पर्याप्त सफाई नहीं हुई है।
गड्ढामुक्त सड़क अभियान पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश में गड्ढामुक्त सड़क के नाम पर हजारों करोड़ रुपये के बजट का बंदरबांट किया। इसके बावजूद करीब 10 वर्ष बाद प्रदेश में सड़कों की स्थिति खराब है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के कारण पूरी व्यवस्था चौपट हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा जाएगी, तभी भ्रष्टाचार खत्म होगा और सड़कें ठीक हो पाएंगी।
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा।

No Previous Comments found.