राम मंदिर चंदा-चढ़ावा चोरी मामले को कांग्रेस घर-घर जाकर उठाएगी: राजेंद्र पाल गौतम

Congress will raise the issue of theft of Ram temple donations by going door to door: Rajendra Pal Gautam

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 20 Aug, 2026 06:53 PM
राम मंदिर चंदा-चढ़ावा चोरी मामले को कांग्रेस घर-घर जाकर उठाएगी: राजेंद्र पाल गौतम

कांग्रेस ने एसआईटी रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और राम मंदिर ट्रस्ट की जमीन खरीद पर उठाए सवाल

अजय राय बोले- गांव-गांव, घर-घर जाकर जनता के बीच मामले को उजागर करेगी कांग्रेस

लखनऊ, 20 अगस्त (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने अयोध्या स्थित रामजन्मभूमि मंदिर से जुड़े चंदे और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मामले को पूरे देश की आस्था से जुड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले को लेकर एक सप्ताह तक घर-घर जाकर अभियान चलाएगी और जनता के बीच कथित चंदा एवं चढ़ावा चोरी के मामले को व्यापक स्तर पर उठाएगी।

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि अयोध्या के रामजन्मभूमि मंदिर में करोड़ों-अरबों रुपये के चंदे और चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताएं सिर्फ उत्तर प्रदेश का विषय नहीं हैं, बल्कि पूरे देश से जुड़े करोड़ों लोगों की आस्था का मामला हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देशवासियों की आस्था के साथ धोखा किया गया है।

एसआईटी रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि 17 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी से अपनी प्रोग्रेस रिपोर्ट अथवा स्टेटस रिपोर्ट बंद लिफाफे में दाखिल करने को कहा था। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि एसआईटी की जांच से जुड़े गोपनीय तथ्य मीडिया में कैसे सामने आए और यह जानकारी किस स्रोत से लीक हुई।

उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्टों में एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्र को क्लीन चिट दिए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकार इस निष्कर्ष पर कायम है तो पूरी एसआईटी रिपोर्ट और क्लीन चिट के आधार को सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है।

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि मामले में केवल आठ छोटे गणनाकर्मियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि दान प्राप्त करने, उसकी गणना कराने, बहुमूल्य धातुओं की जांच एवं माप, रखरखाव और हिसाब-किताब की पूरी पर्यवेक्षणीय एवं संस्थागत जिम्मेदारी किसकी थी, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि इतने बड़े स्तर की कथित अनियमितता केवल कुछ कर्मचारियों के स्तर पर संभव नहीं हो सकती और इसमें बड़े लोगों की सहभागिता की जांच होनी चाहिए।

फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक करने की मांग

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि सरकार को मामले की वर्तमान कानूनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एसआईटी में फॉरेंसिक ऑडिटर शामिल है और सुप्रीम कोर्ट ने भी फॉरेंसिक पहलू सहित जांच की प्रगति मांगी है।

उन्होंने सवाल किया कि अब तक फॉरेंसिक परीक्षण में क्या सामने आया, दान एवं उपहार से जुड़ी कितनी सामग्री का समाधान हुआ, कितनी अनियमितताएं मिलीं और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष जनता के सामने कब रखे जाएंगे।

अजय राय बोले- गांव-गांव जाकर मामला उठाएगी कांग्रेस

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि जब पहली बार एसआईटी के गठन की घोषणा हुई थी, तभी उन्होंने इसकी निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि एसआईटी के तत्कालीन अध्यक्ष लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत थे, जिनका नाम कुंभ मेले में हुई भगदड़ की जांच से भी जुड़ा था।

अजय राय ने कहा कि बाद में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद विजय विश्वास पंत को एसआईटी से हटाया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की टीम गठित की जा रही है और पार्टी गांव-गांव तथा घर-घर जाकर राम मंदिर से जुड़े चंदे और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मामले को जनता के बीच उठाएगी।

कांग्रेस नेता ने एसआईटी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई पर उठाए सवाल

उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं अयोध्या निवासी शरद शुक्ला ने प्रेसवार्ता में एसआईटी रिपोर्ट का हवाला देते हुए डॉ. अनिल मिश्र की भूमिका को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि रिपोर्ट में डॉ. अनिल मिश्र के दायित्वों के निर्वहन को लेकर गंभीर टिप्पणियां की गई हैं और सुरक्षा उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित न करने की बात कही गई है।

शरद शुक्ला ने सवाल किया कि यदि एसआईटी रिपोर्ट में ऐसी टिप्पणियां हैं तो डॉ. अनिल मिश्र के खिलाफ गिरफ्तारी और अन्य कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा खरीदी गई जमीनों की खरीद-फरोख्त की उच्चस्तरीय जांच और कथित वित्तीय अनियमितताओं की प्रवर्तन निदेशालय से जांच कराने की मांग भी उठाई।

उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर की कथित अनियमितता लंबे समय तक बिना प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता या संरक्षण के संभव नहीं हो सकती। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग की।

मीडिया के समक्ष दस्तावेज रखे

प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जमीन की खरीद-फरोख्त से संबंधित दस्तावेज और एसआईटी रिपोर्ट से संबंधित दस्तावेज मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किए।

प्रेसवार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव-सहप्रभारी उत्तर प्रदेश अभिषेक दत्त, संजीव आर्या, अब्दुल हन्नान, कुणाल चौधरी, जगदीश चंद्र जांगीड़ और वरुण चौधरी, मीडिया चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डॉ. सीपी राय, प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पांडेय, अंशू अवस्थी, प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता, रफत फातिमा, सचिन रावत, डॉ. अलीमुल्लाह खान और डॉ. केबी त्रिपाठी सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

#Ayodhya #RamMandir #RamJanmabhoomi #Congress #RajendraPalGautam #AjayRai #SIT #SITInvestigation #AyodhyaNews #RamMandirTrust #PoliticalNews #UttarPradesh #UPNews #Lucknow #ipnlive #ipnnews #ipn

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.