चंदा चोरी के खिलाफ कांग्रेस करेगी चौपाल, प्रदेशभर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम भी होंगे आयोजित

Congress to hold Chaupal against fund theft, statewide 'Students' Echo' programmes to be organised

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 24 Aug, 2026 03:42 AM
चंदा चोरी के खिलाफ कांग्रेस करेगी चौपाल, प्रदेशभर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम भी होंगे आयोजित

कांग्रेस कार्यसमिति के निर्णय के बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय ने जिला-शहर इकाइयों और पदाधिकारियों को जारी किया परिपत्र

पेपर लीक, भर्ती में भ्रष्टाचार, महंगी शिक्षा और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को छात्रों के बीच ले जाएगी कांग्रेस

लखनऊ, 23 अगस्त 2026 (आईपीएन)। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और सक्रिय करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय की ओर से जिला एवं शहर अध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों, वर्तमान एवं पूर्व सांसदों-विधायकों सहित ब्लॉक और वार्ड स्तर तक के कांग्रेसजनों को व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए परिपत्र जारी किया गया है।


प्रदेश कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डॉ. सी.पी. राय ने बताया कि पार्टी का उद्देश्य विभिन्न मुद्दों को लेकर जनता से सीधे संवाद स्थापित करना और संगठन के जनसंपर्क को और अधिक मजबूत करना है।


चंदा चोरी के खिलाफ जिला-ब्लॉक स्तर पर चौपाल


डॉ. सी.पी. राय ने बताया कि कांग्रेस कार्यसमिति ने राम मंदिर निर्माण के लिए प्राप्त चंदे और दान में कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के आरोपों पर चिंता व्यक्त की है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाने का निर्णय लिया है।


उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस की ओर से ‘चंदा चोरी के खिलाफ चौपाल’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ये कार्यक्रम प्रत्येक जिला एवं ब्लॉक मुख्यालय के अलावा महत्वपूर्ण कस्बों में भी आयोजित किए जाएंगे।


कांग्रेस का आरोप है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2020 में की थी। पार्टी का कहना है कि इसलिए प्रधानमंत्री और भाजपा राम मंदिर के नाम पर एकत्र किए गए चंदे की पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े सवालों से खुद को अलग नहीं कर सकते।


छात्रों के मुद्दों पर चलेगा ‘छात्रों की गूंज’ अभियान


प्रदेश कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन ने बताया कि कांग्रेस कार्यसमिति ने देशभर में सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर नेता प्रतिपक्ष लोकसभा राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की भी समीक्षा की है।


उन्होंने कहा कि इस अभियान में पेपर लीक, परीक्षाओं एवं भर्ती में कथित भ्रष्टाचार, महंगी शिक्षा, शिक्षा के व्यवसायीकरण और बेरोजगारी के कारण युवाओं में भविष्य को लेकर बढ़ रही चिंता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।


कांग्रेस के मुताबिक, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को छात्रों की ओर से मिल रहे समर्थन को देखते हुए अब इसे उत्तर प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।


विश्वविद्यालयों और कोचिंग सेंटरों तक पहुंचेगा अभियान


प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से जारी परिपत्र में जिला स्तर पर कार्यक्रमों को प्रमुख शहरों और कस्बों के साथ-साथ शैक्षणिक केंद्रों तक ले जाने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और प्रतियोगी परीक्षाओं के केंद्रों पर छात्रों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया है।


कांग्रेस का कहना है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और छात्रों की समस्याओं को सीधे सुना जाएगा तथा उनके मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा।


स्थानीय लोगों की भागीदारी पर जोर


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पार्टी के जिला एवं शहर कमेटियों, सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों तथा जनपद के वरिष्ठ कांग्रेसजनों से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया है।


उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों को केवल पार्टी कार्यालयों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि स्थानीय नागरिकों और समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए इन्हें वास्तविक जनसंवाद का स्वरूप दिया जाए।


कांग्रेस नेतृत्व ने संगठन के सभी स्तरों के पदाधिकारियों से इन कार्यक्रमों को व्यापक पैमाने पर संचालित करने और जनता के बीच पार्टी की सक्रिय उपस्थिति मजबूत करने का आह्वान किया है।


#ipnlive #ipnnews #ipn #Congress #AjayRai #CPRai #UttarPradeshCongress #Lucknow #CongressWorkingCommittee #ChandaChori #ChandaChoriChaupal #StudentsKiGoonj #PaperLeak #YouthIssues #Unemployment #Education

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.