राजूदास के साथ डिबेट में कांग्रेस प्रवक्ता नहीं होंगे शामिल, प्रदेश कांग्रेस ने मीडिया संस्थानों को भेजा पत्र
Congress spokesperson will not participate in the debate with Raju Das, State Congress sent a letter to media organizations.
IPN Live
Lucknow, 26 Aug, 2026 02:27 AMलखनऊ, 25 अगस्त (आईपीएन)। दूरदर्शन चैनल पर आयोजित एक डिबेट के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के साथ कथित अभद्र व्यवहार को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के मीडिया विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डॉ. सी.पी. राय ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के संपादकों, ब्यूरो प्रमुखों और निदेशकों को पत्र भेजकर कहा है कि जिस चैनल पर राजूदास डिबेट में शामिल होंगे, वहां कांग्रेस का कोई प्रवक्ता शामिल नहीं होगा।
कांग्रेस की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि 24 अगस्त को दूरदर्शन चैनल पर हुई डिबेट में कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद और अयोध्या के महंत राजूदास शामिल थे। पत्र के मुताबिक, बहस के दौरान राजूदास ने मर्यादा की सीमाएं लांघते हुए कांग्रेस प्रवक्ता के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी।
पत्र में कहा गया है कि डिबेट में शामिल दो महिला एंकर भी कथित घटनाक्रम से स्तब्ध रह गईं और कार्यक्रम को बीच में ही बंद करना पड़ा। कांग्रेस ने इस घटना को शर्मनाक और आपत्तिजनक बताते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से ऐसे व्यवहार के खिलाफ स्पष्ट रुख अपनाने की अपील की है।
चैनलों से कांग्रेस ने मांगा सहयोग
डॉ. सी.पी. राय ने मीडिया संस्थानों को भेजे पत्र में स्पष्ट किया है कि डिबेट के दौरान राजूदास द्वारा की गई कथित अभद्रता और हरकत के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी का कोई भी प्रवक्ता उस चैनल की बहस में शामिल नहीं होगा, जहां राजूदास को भी आमंत्रित किया जाएगा।
कांग्रेस ने मीडिया संस्थानों से अपील की है कि टीवी डिबेट में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मर्यादित और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। पार्टी का कहना है कि स्वस्थ लोकतांत्रिक संवाद के लिए बहस में भाषा और आचरण की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।
पत्र उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सी.पी. राय (पूर्व मंत्री) की ओर से जारी किया गया है।
सूचना : खबर के साथ की फोटो ए आई जेनरेटेड है
#ipnlive #ipnnews #ipn #UPCongress #Congress #KunwarSinghNishad #RajuDas #CPRai #Doordarshan #Lucknow #UttarPradesh

No Previous Comments found.