राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, अजय राय बोले- 21वीं सदी के भारत की मजबूत नींव रखी
Congress pays tribute to Rajiv Gandhi on his birth anniversary; Ajay Rai says he laid a strong foundation for 21st century India
IPN Live
Lucknow, 20 Aug, 2026 06:50 PMराजीव गांधी दूरदर्शी नेता थे, सूचना एवं तकनीकी क्रांति से भारत को विश्व पटल पर स्थापित किया: राजेंद्र पाल गौतम
युवाओं को 18 वर्ष में मताधिकार और पंचायतों में महिलाओं को आरक्षण जैसे फैसलों का आज दिख रहा असर: अजय राय
लखनऊ, 20 अगस्त (आईपीएन)। सूचना क्रांति के जनक, भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती बुधवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में सादगी के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने भी राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
राजीव गांधी ने सूचना एवं तकनीकी क्रांति से भारत को नई दिशा दी: राजेंद्र पाल गौतम
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राजीव गांधी दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने देश में सूचना एवं तकनीकी क्रांति की शुरुआत कर भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था और सत्ता के विकेंद्रीकरण के माध्यम से राजीव गांधी ने पंचायतों को मजबूत बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया। प्रधानमंत्री के रूप में देश के विकास के लिए राजीव गांधी ने जो योगदान दिया, उसे कभी विस्मृत नहीं किया जा सकता।
21वीं सदी के भारत की नींव रखने वाले नेता थे राजीव गांधी: अजय राय
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि युवा प्रधानमंत्री के रूप में राजीव गांधी ने देश के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किए, उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा और उसे साकार करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
अजय राय ने कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मताधिकार देने का ऐतिहासिक फैसला हुआ। संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायतों में महिलाओं को आरक्षण देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल हुई, जिसका असर आज देश की राजनीति में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। महिलाएं बड़ी संख्या में राजनीतिक क्षेत्र में अपनी मजबूत भागीदारी निभा रही हैं।
कंप्यूटर क्रांति ने युवाओं के लिए खोले नए अवसर
अजय राय ने कहा कि देश में कंप्यूटर क्रांति को बढ़ावा देने का श्रेय भी राजीव गांधी को जाता है। उन्होंने कहा कि उस समय कंप्यूटर को लेकर विरोध हुआ, लेकिन आज उसी तकनीकी क्रांति के परिणामस्वरूप भारत के युवाओं ने पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि आज बैंकिंग, कृषि, रक्षा सहित लगभग हर क्षेत्र में कंप्यूटर और सूचना तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच ने भारत को आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ने की दिशा दी और देश को 21वीं सदी में वैश्विक स्तर पर मजबूत स्थिति हासिल करने में मदद की।
कांग्रेस नेताओं ने किया नमन
कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव-सहप्रभारी उत्तर प्रदेश संजीव आर्या, अभिषेक दत्त, कुणाल चौधरी एवं अब्दुल हन्नान, सांसद राकेश राठौर, पूर्व मंत्री डॉ. सीपी राय, पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ल, पूर्व विधायक सोहेल अख्तर अंसारी, शिव पाण्डेय, विश्वविजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता, प्रतिभा अटल पाल, संजय दीक्षित, नितिन शर्मा, बृजेन्द्र कुमार सिंह, रफत फातिमा, जयवन्त सिंह सहित कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

No Previous Comments found.